टर्टलमिंट फिनटेक सॉल्यूशन्स का बहुप्रतीक्षित आईपीओ शुक्रवार, 19 जून को निवेशकों के लिए खुलने जा रहा है। डिजिटल इंश्योरेंस से जुड़ी इस कंपनी का यह इश्यू अगले हफ्ते मंगलवार, 23 जून को बंद हो जाएगा। कंपनी ने आज अपने इश्यू के तहत पेश किए जाने वाले शेयरों का प्राइस बैंड भी सार्वजनिक कर दिया। जानकारी के अनुसार, 1 रुपये की फेस वैल्यू वाले हर शेयर के लिए 144 रुपये से 152 रुपये का प्राइस बैंड निर्धारित किया गया है। इस आईपीओ के जरिए कंपनी कुल 883 करोड़ रुपये जुटाने का लक्ष्य लेकर बाजार में उतर रही है।
4,34,68,552 फ्रेश शेयरों से जुटाए जाएंगे 661 करोड़ रुपये
टर्टलमिंट फिनटेक सॉल्यूशन्स के इस 883 करोड़ रुपये के आईपीओ में कुल 5,80,70,398 इक्विटी शेयर जारी किए जाएंगे। इनमें से 4,34,68,552 शेयर फ्रेश इश्यू के रूप में होंगे, जिनसे 661 करोड़ रुपये जुटाए जाएंगे। वहीं, कंपनी के प्रोमोटर्स ऑफर फॉर सेल (ओएफएस) के तहत अपने हिस्से के 1,46,01,846 शेयर बेचेंगे, जिनकी कुल कीमत 222 करोड़ रुपये है।
एक लॉट में मिलेंगे 98 शेयर, रिटेल निवेशकों के लिए न्यूनतम निवेश
इस इश्यू में रिटेल निवेशकों को एक लॉट के लिए कम से कम 14,896 रुपये लगाने होंगे, जिसमें उन्हें एक लॉट में 98 शेयर मिलेंगे। अधिकतम सीमा की बात करें तो रिटेल निवेशक ज्यादा से ज्यादा 13 लॉट यानी 1274 शेयरों के लिए आवेदन कर सकते हैं, जिसके लिए उन्हें कुल 1,93,648 रुपये का निवेश करना होगा।
24 जून को होगा शेयरों का अलॉटमेंट
आईपीओ 23 जून को बंद होने के बाद 24 जून को शेयरों का अलॉटमेंट किया जाएगा। जिन निवेशकों को शेयर आवंटित नहीं होंगे, उन्हें 25 जून को रिफंड मिल जाएगा। इसके साथ ही, जिन निवेशकों को शेयर अलॉट होंगे, उनके डीमैट खाते में भी 25 जून को ही शेयर क्रेडिट कर दिए जाएंगे।
शेयर बाजार में लिस्टिंग की तारीख
यह एक मेनबोर्ड आईपीओ है, जिसकी लिस्टिंग घरेलू शेयर बाजार के दोनों प्रमुख एक्सचेंजों बीएसई और एनएसई पर होगी। टर्टलमिंट फिनटेक सॉल्यूशन्स के शेयर सोमवार, 29 जून को घरेलू बाजार में सूचीबद्ध हो जाएंगे।
https://www.indiatv.in/paisa/ipo/turtlemint-fintech-ipo-rs-883-crore-ipo-to-open-on-june-19-check-price-band-and-all-other-key-details-2026-06-16-1225421