बात-बात पर ताने मारने की आदत रिश्तों में घोलती है कड़वाहट, खुद आपकी ऊर्जा भी होती है कमजोर

ताना देना भले ही पल भर का सुकून लगे, लेकिन यह आदत रिश्तों में दूरियां और आपकी अपनी छवि व ऊर्जा को नुकसान पहुंचाती है। जानिए इस आदत के असर और इसे सुधारने के आसान तरीके।

भावनात्मक रूप से जब हम परेशान या आहत होते हैं, तो अक्सर सामने वाले को ताने मारने लगते हैं और ऐसी बातें कह देते हैं जो दूसरे के मन को चुभ जाती हैं। ऐसा करने वाले लोग सोचते हैं कि इससे उन्हें राहत मिलेगी, लेकिन हकीकत में इसका नकारात्मक असर खुद उन्हीं पर पड़ता है। ताना चाहे गुस्से में दिया जाए, आलोचना के रूप में हो या किसी की तारीफ के साथ कसा जाए, उसमें एक नकारात्मक ऊर्जा छिपी रहती है। इससे न सिर्फ आपके रिश्ते खराब होते हैं, बल्कि आपकी छवि को भी नुकसान पहुंचता है। किसी के बारे में नकारात्मक बातें कहने से धीरे-धीरे आपकी अपनी आभा और ऊर्जा भी घटने लगती है।

ताने देने की आदत बिगाड़ सकती है रिश्ते

झलकती है नकारात्मक भावना- जब आप किसी पर ताना कसते हैं, तो यह इस बात का संकेत है कि आप खुद आहत और क्रोधित हैं। ताना मजाक में दिया जाए या गंभीरता से, उससे आपके भीतर की नकारात्मक ऊर्जा ही बाहर आती है। आप खुद को भले ही चतुर और मजाकिया समझें, लेकिन असल में यह आपके अंदर छिपी नफरत, जलन, गुस्सा, असुरक्षा और दर्द को उजागर करता है, जिससे आपकी विश्वसनीयता घटती है।

शब्दों की ताकत को समझें- शब्दों में जबरदस्त ऊर्जा होती है और आप जो भी बोलते हैं उसका अपना एक प्रभाव होता है। यही ऊर्जा आपको, आपके आसपास के माहौल और आपके रिश्तों को मजबूत बनाती है। अगर आप नकारात्मक शब्दों का इस्तेमाल करेंगे, तो आपकी अपनी शक्ति और ऊर्जा कमजोर पड़ने लगेगी। इसलिए ताना मारने की आदत छोड़कर रोजाना योग करें, आध्यात्मिक ज्ञान को समझें और अपनी सोच को सकारात्मक बनाने की दिशा में कदम बढ़ाएं। मन में दया और करुणा का भाव रखें, इससे धीरे-धीरे यह आदत छूटती जाएगी और बातचीत में सही व सकारात्मक शब्द अपने-आप आने लगेंगे।

कैसे सुधारें ताना देने की आदत

कई बार अपने भावनात्मक दर्द, स्वभाव और आहत होने की वजह से आप दूसरों पर ताने कसते और कटाक्ष करते हैं। पर इस समय यह समझना जरूरी है कि कड़वाहट आपके भीतर है, दुनिया में नहीं। इसलिए सबसे पहले खुद को संभालें और अपनी भावनाओं की जिम्मेदारी खुद उठाएं। अपने आप से यह वादा करें कि चाहे हालात कैसे भी हों, आप सिर्फ साफ, शुद्ध और सकारात्मक ऊर्जा वाले शब्दों का ही इस्तेमाल करेंगे। भले ही दूसरे लोग गलत हों और परिस्थितियां चुनौतीपूर्ण हों, फिर भी आप अपनी ऊर्जा को कमजोर नहीं पड़ने देंगे। शुरुआती कुछ दिनों तक इसके लिए मेहनत करनी पड़ेगी, लेकिन धीरे-धीरे ताना देने की यह आदत पूरी तरह खत्म हो जाएगी।

https://www.indiatv.in/lifestyle/features/tane-marne-ki-aadat-the-habit-of-constantly-making-snide-remarks-poisons-relationships-and-has-negative-impact-on-you-2026-06-16-1225415