पोलियो को हराकर सावन ने रचा इतिहास, JEE Advanced की PwD श्रेणी में पाई AIR-22

समस्तीपुर के विभूतिपुर गांव के सावन कुमार ने दोनों पैरों में करीब 70 प्रतिशत दिव्यांगता के बावजूद JEE Advanced में दिव्यांग (PwD) श्रेणी में अखिल भारतीय रैंक 22 हासिल की है। एक साधारण किसान परिवार से निकले सावन की यह उपलब्धि लाखों युवाओं के लिए प्रेरणा बन गई है।

बिहार के समस्तीपुर जिले के विभूतिपुर गांव के सावन कुमार ने यह साबित कर दिया है कि अगर इरादे मजबूत हों तो शारीरिक चुनौतियां भी सफलता की राह नहीं रोक सकतीं। संघर्ष, कड़ी मेहनत और आत्मविश्वास के बल पर उन्होंने ऐसी कामयाबी हासिल की है, जो असंख्य युवाओं के लिए मिसाल बन गई है। JEE Advanced की दिव्यांग (PwD) श्रेणी में उन्होंने अखिल भारतीय रैंक 22 अर्जित की है।

दो साल की उम्र में पोलियो ने बदली जिंदगी

महज दो साल की उम्र में सावन पोलियो की चपेट में आ गए थे, जिसके कारण उनके दोनों पैरों में लगभग 70 प्रतिशत लोकोमोटर दिव्यांगता है। लेकिन उन्होंने इस कठिनाई को कभी अपनी कमजोरी नहीं बनने दिया। शरीर की सीमाओं को पीछे छोड़कर उन्होंने अपने सपनों को उड़ान देने पर ध्यान केंद्रित किया।

साधारण किसान परिवार से ताल्लुक

सावन एक सामान्य किसान परिवार से आते हैं। उनके पिता बंटाई पर खेती कर परिवार का भरण-पोषण करते हैं। सीमित संसाधनों के बावजूद परिवार ने उनकी पढ़ाई में कोई कमी नहीं आने दी और सावन ने भी अपने माता-पिता के भरोसे को पूरी निष्ठा के साथ निभाया।

गांव से सिमुलतला तक का सफर

गांव से अपनी पढ़ाई शुरू करने के बाद सावन को सिमुलतला आवासीय विद्यालय में निशुल्क शिक्षा का अवसर मिला। यहीं उन्होंने अपनी प्रतिभा का परिचय देते हुए दसवीं बोर्ड में राज्य की मेरिट सूची में दसवां स्थान हासिल किया। यह सफलता उनके आगे के सफर की नींव बनी।

आईआईटी के सपने के साथ कोटा रवाना

दसवीं में शानदार प्रदर्शन के बाद सावन ने आईआईटी में पढ़ने का सपना संजोया और तैयारी के लिए कोटा पहुंचे। वहां उनकी मेहनत और काबिलियत को देखते हुए उन्हें 80 प्रतिशत स्कॉलरशिप मिली, जिसने उनकी राह को और आसान बना दिया। आखिरकार उनकी लगन रंग लाई और उन्होंने JEE Advanced की दिव्यांग श्रेणी में AIR-22 के साथ सफलता का परचम लहरा दिया।

https://hindi.news18.com/news/business/success-story-farmer-son-bihar-student-sawan-kumar-jee-advanced-pwd-rank-22-iit-dream-10575762.html