लखनऊ के ऐशबाग स्टेशन पर ट्रेन में बम की झूठी सूचना, यात्री घबराए, जांच में खुली चौंकाने वाली हकीकत

लखनऊ के ऐशबाग रेलवे स्टेशन पर मंगलवार दोपहर ट्रेन में बम होने की सूचना से हड़कंप मच गया, लेकिन गहन तलाशी में कुछ नहीं मिला। दरअसल सीट न मिलने से नाराज एक यात्री ने यह अफवाह फैलाई थी, जिसे जीआरपी ने हिरासत में ले लिया है।

उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ से मंगलवार को एक हैरान कर देने वाला मामला सामने आया। यहां स्थित ऐशबाग रेलवे स्टेशन पर दोपहर के समय एक ट्रेन में बम होने की सूचना मिलते ही पूरे परिसर में अफरा-तफरी मच गई। खबर मिलते ही रेलवे प्रशासन और सुरक्षा एजेंसियां तुरंत हरकत में आईं और मौके पर सघन तलाशी अभियान शुरू कर दिया गया। हालांकि जांच पूरी होने के बाद जो सच्चाई सामने आई, वह वाकई चौंकाने वाली थी।

तलाशी में नहीं मिला कोई बम

बम होने की खबर फैलते ही सुरक्षा एजेंसियों ने स्टेशन के प्लेटफॉर्म नंबर-1 पर एहतियात के तौर पर व्यापक तलाशी अभियान चलाया। लेकिन इस दौरान कहीं भी कोई बम या संदिग्ध वस्तु बरामद नहीं हुई। पुलिस की पड़ताल में पता चला कि एक यात्री को ट्रेन में बैठने की जगह नहीं मिल रही थी, इसी खीझ में उसने बम होने की झूठी अफवाह फैला दी।

पुलिस का आधिकारिक बयान

इस घटना को लेकर पुलिस ने बताया- "आज दिनांक 16.06.2026 को ऐशबाग स्टेशन पर एक ट्रेन में बम होने की सूचना प्राप्त होने पर स्थानीय पुलिस, जीआरपी एवं संबंधित सुरक्षा एजेंसियों द्वारा तत्काल मौके पर पहुंचकर आवश्यक जांच एवं सघन चेकिंग की गई। जांच के दौरान ट्रेन तथा उसके सभी कोचों की गहन तलाशी ली गई, जिसमें कोई भी संदिग्ध वस्तु अथवा विस्फोटक सामग्री नहीं पाई गई। बम मिलने की सूचना पूर्णतः असत्य पाई गई। जांच के उपरांत ट्रेन को सुरक्षित पाए जाने पर उसे अपने अगले गन्तव्य हेतु सकुशल रवाना कर दिया गया। मौके पर शांति एवं कानून-व्यवस्था की स्थिति सामान्य रही।"

अफवाह फैलाने वाला आरोपी हिरासत में

पूछताछ में सामने आया कि सैनी जैकी (उम्र लगभग 26 वर्ष) पुत्र सोवनाथ, निवासी विमलवाड़ा, थाना बेमू पुलवाड़ा, जनपद रजाना, राज्य तेलंगाना को ट्रेन में बैठने के लिए स्थान नहीं मिल रहा था। इसी वजह से उसने ट्रेन में बम होने की झूठी सूचना फैला दी, जिससे यात्रियों के बीच अफरा-तफरी का माहौल बन गया। जीआरपी पुलिस ने आरोपी को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है और उसके खिलाफ विधिक कार्रवाई की जा रही है। फिलहाल ट्रेन को सकुशल रवाना कर दिया गया है और मौके पर स्थिति पूरी तरह शांतिपूर्ण है।

https://www.indiatv.in/uttar-pradesh/uttar-pradesh-lucknow-aishbagh-railway-station-bomb-threat-panic-among-passengers-know-details-here-2026-06-16-1225425