उत्तर प्रदेश के गौतम बुद्ध नगर जिले से एक चौंकाने वाली घटना सामने आई है। ग्रेटर नोएडा के दनकौर स्थित मंझावली पुल के निकट हुए इस दर्दनाक सड़क हादसे में अधूरे मार्ग ने एक बाइक सवार की जान ले ली। मृतक हरियाणा के फरीदाबाद का निवासी था। यह हादसा रविवार देर रात का बताया जा रहा है।
गड्ढे से निकालकर अस्पताल पहुंचाया गया
सोमवार सुबह जब दनकौर पुलिस को इस घटना की सूचना मिली तो टीम मौके पर पहुंची और घायल व्यक्ति को गड्ढे से बाहर निकाला। इसके बाद उन्हें ग्रेटर नोएडा के जिम्स अस्पताल में भर्ती कराया गया, लेकिन डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। इसकी जानकारी पुलिस ने मृतक के परिजनों को दी।
आई केयर अस्पताल में कार्यरत थे मैनेजर
जानकारी के अनुसार, मृतक की पहचान 45 वर्षीय अतुल कुमार जोशी के रूप में हुई, जो फरीदाबाद के एनआईटी-1 क्षेत्र में रहते थे। बताया जा रहा है कि वह एक आई केयर अस्पताल में मैनेजर के पद पर तैनात थे। पुलिस ने शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भिजवा दिया।
रात के अंधेरे में नहीं दिखा अधूरा निर्माण
रविवार रात अतुल कुमार जोशी अपनी बाइक से मंझावली पुल के रास्ते ग्रेटर नोएडा की ओर जा रहे थे। पुल के आगे सड़क निर्माण का कार्य अब भी अधूरा पड़ा है। अंधेरे के कारण उन्हें यह अंदाजा नहीं हो सका कि आगे रास्ता खत्म हो चुका है और इसी दौरान उनकी बाइक सीधे गहरे गड्ढे में जा गिरी, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गए।
राहगीरों की सूचना पर पहुंची पुलिस
सोमवार सुबह राहगीरों और स्थानीय लोगों को इस हादसे की जानकारी हुई, जिसके बाद पुलिस को सूचित किया गया। दनकौर कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची और घायल को इलाज के लिए अस्पताल भेजा। बाद में उन्हें ग्रेटर नोएडा के जिम्स अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
हेलमेट के शीशे से लगी जानलेवा चोट
दनकौर पुलिस के अनुसार, इस हादसे में हेलमेट का शीशा नाक में घुस गया, जिससे गंभीर चोट लगने पर बहुत अधिक रक्तस्राव हुआ और इसी वजह से उनकी मौत हो गई। इस भीषण घटना के बाद क्षेत्र में अधूरे पड़े मार्ग की सुरक्षा व्यवस्था पर एक बार फिर सवाल उठने लगे हैं।
करीब 6 महीने पहले हुआ था उद्घाटन
स्थानीय लोगों का आरोप है कि मंझावली को ग्रेटर नोएडा से जोड़ने वाले इस मार्ग के निर्माण कार्य का उद्घाटन करीब 6 महीने पहले जनप्रतिनिधियों ने किया था, मगर आज तक सड़क पूरी नहीं हो पाई है। लोगों का कहना है कि अधूरे मार्ग और पर्याप्त चेतावनी संकेतों के अभाव में यहां आए दिन हादसे हो रहे हैं, इसके बावजूद संबंधित विभाग इस ओर गंभीरता से ध्यान नहीं दे रहा।
पुलिस ने शुरू की कानूनी प्रक्रिया
दनकौर कोतवाली प्रभारी मनोज कुमार ने बताया कि शव का पोस्टमॉर्टम कराकर उसे परिजनों को सौंप दिया गया है। उन्होंने कहा कि मामले में शिकायत मिलने पर जांच कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
https://www.indiatv.in/uttar-pradesh/incomplete-road-claims-life-in-greater-noida-bike-borne-manager-dies-after-falling-into-a-pothole-2026-06-16-1225403