भीलवाड़ा में इंसानियत को झकझोर देने वाला एक मामला सामने आया है, जहां एक हिन्दू महिला को सोची-समझी साजिश के तहत फंसाकर पहले उसके साथ दुष्कर्म किया गया और बाद में जबरन उसका धर्म परिवर्तन करवा दिया गया। पीड़िता का आरोप है कि उसे खजूर खिलाकर जबरदस्ती कलमा और कुरान की आयतें पढ़वाई गईं और फिर निकाह कर लिया गया। पुलिस ने पीड़िता की रिपोर्ट पर मुकदमा दर्ज कर मुख्य आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है, वहीं उसके भाई की तलाश की जा रही है।
नौकरी का लालच देकर रची साजिश
भीलवाड़ा शहर की रहने वाली 35 वर्षीय महिला को पहले नौकरी दिलाने का झांसा देकर उसके साथ दुष्कर्म किया गया। इसके बाद आरोपियों ने उसके आपत्तिजनक वीडियो बनाकर ब्लैकमेल करना शुरू किया और उसे दिल्ली ले जाकर जबरन निकाह कर लिया। पीड़िता का कहना है कि इतना ही नहीं, आरोपियों ने उससे लाखों रुपये भी हड़प लिए। उसने आरोपी के पूरे परिवार पर शारीरिक और मानसिक रूप से प्रताड़ित करने के गंभीर आरोप लगाए हैं।
एसपी के सामने पेश होकर बयां की पीड़ा
हर तरफ से परेशान होने के बाद पीड़िता ने आखिरकार कानून का सहारा लिया। वह हाल ही में पुलिस अधीक्षक सागर राणा के सामने पेश हुई और अपनी आपबीती सुनाई। एसपी के निर्देश पर शहर के प्रतापनगर थाने में इस मामले को लेकर केस दर्ज किया गया। मुकदमा दर्ज होते ही पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए मुख्य आरोपी शाहिद मंसूरी को गिरफ्तार कर लिया, जबकि उसके सहयोगी जफर की तलाश जारी है।
बहन की नौकरी का फायदा उठाकर बनाया शिकार
पीड़िता के मुताबिक उसकी बहन शाहिद मंसूरी की दुकान पर काम करती थी। इसी का फायदा उठाते हुए शाहिद ने जबरन उसका मोबाइल नंबर हासिल कर लिया। इसके बाद नौकरी दिलाने का लालच देकर उसने पीड़िता को भीलवाड़ा के एक रिसॉर्ट में बुलाया। वहीं शाहिद ने उसके साथ दुष्कर्म किया और अश्लील वीडियो व तस्वीरें बना लीं। इसके बाद उन वीडियो को वायरल करने तथा माता-पिता की जान लेने की धमकी देकर ब्लैकमेलिंग शुरू कर दी।
दरगाह ले जाकर कराया धर्म परिवर्तन
पीड़िता का कहना है कि प्रताड़ना और शोषण का सिलसिला यहीं नहीं रुका। इसके बाद शाहिद उसे दिल्ली की हजरत निजामुद्दीन दरगाह ले गया। पीड़िता के अनुसार, वहां उसे खजूर खिलाकर जबरदस्ती कलमा और आयतें पढ़वाई गईं और फिर धर्म परिवर्तन कराकर निकाह कर दिया गया।
20 लाख रुपये और जेवर हड़पे
पीड़िता ने बताया कि इसके बाद उसके हालात और भी बदतर होते चले गए। शाहिद के साथ-साथ उसका भाई जफर भी उसके साथ दुष्कर्म करने लगा। पीड़िता के अनुसार शाहिद ने अपने पिता, भाई और भतीजे के खातों में उससे 20 लाख रुपये ट्रांसफर करवा लिए। इसके अलावा उसकी सोने की चेन, मां का मंगलसूत्र, अंगूठियां और चूड़ियां तक छीन लीं। पीड़िता का यह भी आरोप है कि आरोपियों ने उसे ब्लैकमेल कर उसके नाम पर लाखों रुपये का कर्ज भी ले लिया।
नमाज, रोजा और नॉनवेज के लिए प्रताड़ना
शादी के बाद आरोपियों पर इस्लामी तौर-तरीके अपनाने के लिए दबाव डालने का आरोप लगाते हुए पीड़िता ने कहा कि शाहिद की मौसी, बहनें और पिता उसे जबरन नमाज पढ़ने, रोजा रखने, कुरान पढ़ने और मांसाहार करने के लिए प्रताड़ित करते थे।
विरोध करने पर मिलता था यह जवाब
पीड़िता के अनुसार जब वह हिंदू होने का हवाला देकर इसका विरोध करती तो आरोपी कहते कि इस्लाम में यह सब चलता है, इसलिए उसे यह करना ही पड़ेगा। उसने बताया कि अभी उस पर लाखों रुपये का कर्ज है। आए दिन की प्रताड़ना से तंग आकर पीड़िता ने अब कानून का सहारा लिया है। उसकी मांग है कि ऐसे लोगों को कड़ी से कड़ी सजा मिले, ताकि कोई दूसरी महिला इनका शिकार न बने। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी है।
https://hindi.news18.com/news/rajasthan/bhilwara-religious-conversion-case-bhilwara-rape-kalma-and-nikah-heart-wrenching-story-of-hindu-woman-local18-10536272.html