टीएमसी के टिकट पर 2024 का लोकसभा चुनाव लड़ने वाले यूसुफ पठान ने कांग्रेस के कद्दावर नेता अधीरंजन चौधरी को करारी शिकस्त दी थी। मगर बंगाल विधानसभा चुनाव 2026 के बाद उन्होंने पाला बदल लिया और बागी खेमे में शामिल होकर ममता बनर्जी के खिलाफ बगावत का बिगुल फूंक दिया। पठान के इस फैसले के सामने आते ही महुआ मोइत्रा ने उनके खिलाफ मोर्चा खोल दिया। अब इसी विवाद में एक नया नाम जुड़ गया है। श्रीनगर से जेकेएनसी सांसद आगा सैयद राहला महदी ने बड़ा दावा करते हुए कहा कि पठान यूं ही पार्टी नहीं बदल रहे, बल्कि उन पर भारी दबाव बनाया गया था। उनका कहना है कि लोकसभा में मिली धमकी के बाद पठान बेहद डरे हुए थे और इसी वजह से उन्होंने बगावती तेवर अपनाए। श्रीनगर सांसद ने संसद की पूरी घटना का ब्योरा भी दिया, जिस पर महुआ मोइत्रा ने प्रतिक्रिया देकर इन दावों पर मुहर लगा दी है।
संसद में पठान को धमकाने का दावा
यूसुफ पठान को लेकर सनसनीखेज खुलासा करते हुए सांसद आगा सैयद राहला महदी ने बताया कि संसद के पिछले शीतकालीन सत्र में पूरा विपक्ष SIR और सदन के अन्य मुद्दों पर विरोध जता रहा था। उन्होंने कहा कि हमेशा की तरह ऑल इंडिया तृणमूल कांग्रेस के सांसद बिना डरे वेल में आकर प्रदर्शन कर रहे थे।
महदी के मुताबिक, 'मैं वहीं मौजूद था और मैंने एक जाने-माने मुस्लिम सांसद को, जो टीएमसी से नहीं थे, यूसुफ पठान पर चिल्लाते और उन्हें प्रदर्शन से हट जाने के लिए कहते सुना। यूसुफ सचमुच पीछे हट गए और अपनी सीट पर लौट आए। उस वक्त उनके चेहरे का रंग बदल गया था, वह लगभग कांप रहे थे।'
'गुजरात में घर पर बुलडोजर चलाने की धमकी'
सांसद महदी ने आगे बताया कि पठान को संसद में ही धमकाया गया कि गुजरात में उनके घर पर बुलडोजर चलवा दिया जाएगा। उन्होंने यह भी दावा किया कि पठान ने यह पूरी बात महुआ मोइत्रा को बताई थी। उन्होंने अपनी बात इस तरह बयां की—
उस सांसद के जाने के बाद मैं यूसुफ के पास पहुंचा और पूछा कि क्या हुआ, वह इतने डरे हुए क्यों लग रहे हैं? यूसुफ ने बताया कि उस व्यक्ति ने उनसे कहा कि उन्हें बीजेपी के खिलाफ प्रदर्शन नहीं करना चाहिए। उसने कहा- तुम्हें क्या हो गया है? तुम बीजेपी के खिलाफ क्यों प्रदर्शन कर रहे हो, खुद को दुश्मन क्यों बना रहे हो? वे गुजरात में तुम्हारे घर पर बुलडोजर चला देंगे। इसी बीच महुआ मोइत्रा आईं और उन्होंने मुझसे पूछा कि क्या हुआ। मैंने बताया कि यूसुफ डरे हुए हैं, क्योंकि उस व्यक्ति ने कहा है कि बीजेपी गुजरात में उनके घर पर बुलडोजर चलवा देगी। महुआ को गुस्सा आ गया और उन्होंने यूसुफ से कहा कि उस आदमी की बात मत सुनो, हम तुम्हारे साथ हैं, हम एक हैं और कोई तुम्हें या तुम्हारे परिवार को छूने की हिम्मत नहीं करेगा। महुआ मोइत्रा और ऑल इंडिया तृणमूल कांग्रेस के लिए दुख होता है। तुमने उनका साथ दिया था, लेकिन उसने और उसके जैसों ने तुम्हारी पीठ में छुरा घोंपा।
महुआ मोइत्रा की प्रतिक्रिया
इस पूरे घटनाक्रम पर महुआ मोइत्रा ने भी जवाब देते हुए इसे सच करार दिया। उन्होंने एक्स पर लिखा—
हां सर, असदुद्दीन ओवैसी ही थे जो यूसुफ पठान को चेतावनी दे रहे थे, याद है। कितने अफसोस की बात है कि मैंने एक ऐसे गद्दार के लिए लड़ाई लड़ी जिसमें न हिम्मत थी और न ही रीढ़। वह कमेंट्री करने में बेहतर था! कितना डरा हुआ फट्टू है…
https://www.indiatv.in/west-bengal/mahua-moitra-endorses-aga-syed-rahla-mahdi-claim-that-owaisi-threatened-to-use-bulldozers-saying-yusuf-pathan-coward-2026-06-16-1225376