भारतीय स्मार्टफोन बाजार में आज एक नया और दमदार डिवाइस अपनी शुरुआत करने वाला है। शाओमी के सब-ब्रांड Redmi की नई Turbo सीरीज का पहला फोन Redmi Turbo 5 आज भारत में लॉन्च होगा। कंपनी ने इसका लॉन्च इवेंट दोपहर 12 बजे रखा है, जिसे Redmi India के आधिकारिक यूट्यूब चैनल पर लाइव देखा जा सकेगा।
यह स्मार्टफोन चीन में पहले ही उतारा जा चुका है और अब इसे भारतीय ग्राहकों के सामने पेश किया जा रहा है। लॉन्च से पहले सामने आई जानकारी की मानें तो यह फोन बड़ी बैटरी, ताकतवर प्रोसेसर और प्रीमियम डिजाइन के साथ बाजार में आ सकता है।
डिस्प्ले और प्रोसेसर
Redmi Turbo 5 में 120Hz रिफ्रेश रेट वाले 1.5K फ्लूइड डिस्प्ले की पुष्टि हो चुकी है। स्क्रीन की सुरक्षा के लिए इसमें Corning Gorilla Glass 7i का सपोर्ट दिया जाएगा। चीन में पेश किए गए मॉडल में 6.59 इंच की स्क्रीन थी, इसलिए भारतीय वेरिएंट में भी इतने ही आकार का डिस्प्ले मिलने की उम्मीद की जा रही है।
परफॉर्मेंस के मोर्चे पर इस फोन में MediaTek Dimensity 8500 Ultra प्रोसेसर दिया जाएगा। यह चिपसेट गेमिंग, मल्टीटास्किंग और रोजमर्रा के इस्तेमाल में बेहतरीन अनुभव देने का दावा करता है। इसके साथ फोन में 12GB LPDDR5X रैम और UFS 4.1 स्टोरेज का सपोर्ट मिल सकता है।
7540mAh बैटरी और 100W फास्ट चार्जिंग
Redmi Turbo 5 की सबसे बड़ी खूबी इसकी 7540mAh बैटरी मानी जा रही है। इतनी बड़ी बैटरी के चलते यूजर्स को बार-बार चार्जिंग की चिंता नहीं सताएगी। इसके अलावा फोन में 100W फास्ट चार्जिंग सपोर्ट भी दिया जाएगा, जिससे बैटरी कम समय में फुल चार्ज हो सकेगी।
कैमरा और डिजाइन
फोटोग्राफी के लिए Redmi Turbo 5 में डुअल रियर कैमरा सेटअप मिलने की संभावना है। इसमें 50 मेगापिक्सल का प्राइमरी कैमरा OIS और EIS सपोर्ट के साथ दिया जा सकता है। साथ ही 8 मेगापिक्सल का अल्ट्रा-वाइड कैमरा भी मौजूद रहेगा। सेल्फी और वीडियो कॉलिंग के लिए फोन में 20 मेगापिक्सल का फ्रंट कैमरा देखने को मिल सकता है।
मजबूती के लिहाज से इस फोन को IP66, IP68, IP69 और IP69K रेटिंग के साथ पेश किया जा सकता है, जिससे यह पानी और धूल से बेहतर सुरक्षा देगा।
कितनी हो सकती है कीमत
कंपनी ने अभी तक इसकी भारतीय कीमत का खुलासा नहीं किया है, लेकिन चीन में इसकी शुरुआती कीमत करीब 30,000 रुपये के आसपास रखी गई थी। ऐसे में भारत में भी इसके दाम इसी रेंज में रहने की उम्मीद है। लॉन्च के बाद यह स्मार्टफोन Amazon और दूसरे ऑनलाइन प्लेटफॉर्म पर बिक्री के लिए उपलब्ध होगा।
https://hindi.news18.com/news/tech/accessories-redmi-turbo-5-india-launch-today-expected-price-specifications-battery-and-features-10574328.html