नाश्ते में बनाएं क्रिस्पी और चटपटा मिस्सी आलू पराठा, झटपट नोट करें ये आसान रेसिपी

उबले नहीं बल्कि फ्राई किए गए आलू से बनने वाला मिस्सी आलू पराठा सामान्य पराठे से कहीं ज्यादा स्वादिष्ट और कुरकुरा बनता है। जानिए घर पर इसे बनाने की पूरी आसान विधि।

मौसम चाहे सर्दी का हो, गर्मी का या फिर बारिश का, पराठे का स्वाद हर किसी को भाता है। भारतीय रसोई में आलू का पराठा सबसे ज्यादा पसंद किया जाने वाला व्यंजन है और बच्चों से लेकर बड़ों तक, सभी इसे चाव से खाते हैं। आमतौर पर लोग आलू उबालकर पराठा बनाते हैं, लेकिन इस बार आजमाइए एक अलग अंदाज़ — आलू को फ्राई करके बनाया जाने वाला पराठा। इसे मिस्सी आलू का पराठा कहा जाता है और यह सामान्य पराठे की तुलना में कहीं ज्यादा कुरकुरा और चटपटा बनता है। एक बार इसका स्वाद चखने के बाद आप इसे बार-बार बनाना चाहेंगे। आइए जानते हैं इसकी आसान विधि।

जरूरी मसाले की भुनाई

सबसे पहले एक पैन में 1 चम्मच धनिया के दाने डालें। इसके बाद इसमें 1 चम्मच हरी सौंफ मिलाएं। अब 2 छोटी चम्मच जीरा और थोड़ी काली मिर्च को हल्का भून लें। इसमें 2-3 सूखी लाल मिर्च डालकर एकदम धीमी आंच पर सारी सामग्री को हल्का रोस्ट करें। ध्यान रहे कि मसालों का रंग न बदले। अब गैस बंद कर दें और इसमें 1 बड़ा चम्मच कसूरी मेथी डालकर मिला लें। तैयार मसाले को पैन से निकालकर ठंडा होने दें।

आलू को भूनकर मैश करना

इसी पैन को दोबारा गैस पर रखें। अब 2-4 आलू को अच्छी तरह धोकर सारी मिट्टी हटा लें और इन्हें लंबाई में टुकड़ों में काट लें। यहां बिना छीले आलू का इस्तेमाल किया जा रहा है, चाहें तो आप छिलका उतार भी सकते हैं। पैन में 1 बड़ा चम्मच तेल डालें और इसमें कटे हुए आलू डालकर सॉते करें। आलू में थोड़ा नमक मिलाएं और शुरुआत में मीडियम आंच पर पकाएं।

जब आलू हल्के भुने लगें तो उन्हें गलाने के लिए ढककर पकने दें और बीच-बीच में चलाते रहें। आलू गल जाने पर गैस बंद कर दें और मैशर की मदद से इन्हें अच्छी तरह मैश कर लें। मैश किए आलू को थोड़ा ठंडा होने दें।

आटा गूंथने की विधि

एक बर्तन में डेढ़ कप आटा और 1 कप बेसन मिला लें। इसमें नमक, हल्दी पाउडर और थोड़ी लाल मिर्च पाउडर डालें। अब 2 चम्मच तेल मिलाएं और गुनगुने पानी की मदद से मीडियम सॉफ्ट आटा गूंथ लें। गूंथने के बाद ऊपर से 1 चम्मच तेल लगाएं और आटे को सेट होने के लिए 10-15 मिनट तक ढककर रख दें।

स्टफिंग तैयार करना

जो मसाला पहले भूना था, उसे मैश किए आलू में मिला दें। अगर मसाला अधिक लगे तो अपने स्वादानुसार डाल सकते हैं। अब इसमें नमक, थोड़ी हींग, रंग के लिए थोड़ी हल्दी, 1 बड़ा चम्मच लाल मिर्च पाउडर और 1 चम्मच आमचूर पाउडर डालकर सब कुछ अच्छी तरह मिला लें। आखिर में बारीक कटी हरी मिर्च, धनिया पत्ती और कटी प्याज डालकर हल्के हाथ से मिक्स कर लें।

पराठा बेलना और सेंकना

अब सेट हुए आटे की लोई तोड़ लें। लोई को हल्के हाथ से या बेलन की मदद से थोड़ा बड़ा करके उसमें तैयार आलू की स्टफिंग भरें। इसके बाद गोल आकार में पराठा बेल लें। तवे पर हल्का तेल लगाकर उस पर पराठा डालें, ताकि वह चिपके नहीं। पहले बिना घी के मीडियम आंच पर पराठे को अच्छी तरह सेंक लें, फिर ऊपर से घी लगाएं। आपका करारा और चटपटा मिस्सी आलू का पराठा तैयार है। इसे चटनी, दही या सॉस के साथ परोसें।

https://www.indiatv.in/lifestyle/recipes/how-to-make-missi-aloo-paratha-recipe-in-breakfast-crispy-and-spicy-flavorful-paratha-maiking-tips-2026-06-16-1225320