हरियाणा के गुरुग्राम का एक वीडियो इन दिनों सोशल मीडिया पर तेजी से फैल रहा है। इस वीडियो में एक महिला कथित रूप से बीफ पकाने का दावा करते हुए पश्चिम बंगाल के मुख्यमंत्री सुवेंदु अधिकारी को खाने के लिए बुलाती नजर आ रही है। क्लिप में महिला धार्मिक और राजनीतिक मसलों पर अपनी नाराजगी भी जता रही है। शिकायत मिलने के बाद गुरुग्राम पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए महिला को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है।
वीडियो में क्या दिखा
वायरल वीडियो में महिला रसोई में खाना बनाती हुई दिखाई देती है। बंगाली भाषा में बात करते हुए वह सुवेंदु अधिकारी का नाम लेती है और दावा करती है कि उसने कड़ाही में गोश्त यानी बीफ पकाया है। महिला आगे कहती है कि उसने उनके लिए गोश्त के साथ रोटी भी तैयार की है और अगर वे भात यानी चावल खाना चाहें तो वह वह भी बना सकती है।
पुलिस की कार्रवाई
एसीपी क्राइम नवीन के अनुसार, वायरल वीडियो की शिकायत मिलने के बाद जांच शुरू की गई। लोगों की धार्मिक भावनाओं को आहत करने के मामले में महिला को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया है। अधिकारियों ने बताया कि 30 मई को चक्करपुर पुलिस चौकी को कथित तौर पर गोमांस पकाने से जुड़े इस वीडियो की जानकारी मिली थी। आरोप धार्मिक भावना आहत करने का है और महिला का मोबाइल फोन भी जब्त कर लिया गया है।
कौन है यह महिला
गिरफ्तार की गई महिला की पहचान पश्चिम बंगाल के दिनाजपुर की निवासी ज्योत्सना बीबी के रूप में हुई है, जो गुरुग्राम के चक्करपुर गांव में घरेलू सहायिका के तौर पर काम करती है।
इमाम की प्रतिक्रिया
इस मामले पर कोलकाता की प्रसिद्ध नाखोदा मस्जिद के इमाम मौलाना मोहम्मद शफीक क़ासमी ने नाराजगी जताई। उन्होंने कहा कि वह ऐसे मामलों का समर्थन नहीं करते और यहां कानून अपना काम करेगा।
सोशल मीडिया पर प्रतिक्रियाएं
वायरल वीडियो सामने आने के बाद सोशल मीडिया पर लोगों की अलग-अलग प्रतिक्रियाएं देखने को मिल रही हैं और इसे लेकर चर्चाओं का दौर जारी है। फिलहाल पुलिस मामले के सभी पहलुओं की जांच कर रही है।
https://hindi.news18.com/news/haryana/gurgaon-woman-challenges-and-invites-bengal-cm-suvendu-adhikari-in-beef-video-arrested-local18-ws-l-10536474.html