भिंडी की सब्जी तो आपने कई तरह से खाई होगी, लेकिन क्या कभी महाराष्ट्रीयन अंदाज़ में बनी भिंडी का स्वाद चखा है? इस ख़ास सब्जी में भिंडी के साथ मूंगफली का इस्तेमाल किया जाता है, जो इसके ज़ायके को और भी निखार देता है। आइए जानते हैं कि महाराष्ट्रीयन स्टाइल मूंगफली वाली भिंडी की सब्जी कैसे तैयार की जाती है।
ज़रूरी सामग्री
मूंगफली 3 बड़े चम्मच, सूखा नारियल 2-3 बड़े चम्मच, लहसुन 5-6 कलियां, अदरक 1 इंच, हरी मिर्च 1, कढ़ी पत्ता 10-12, जीरा 1/2 छोटा चम्मच, सौंफ 1/2 छोटा चम्मच, भिंडी 250 ग्राम, तेल 1 बड़े चम्मच, नमक स्वादानुसार, हल्दी पाउडर 1/4 छोटा चम्मच, तीखा लाल मिर्च पाउडर 1/2 छोटा चम्मच, तेल 1 बड़ा चम्मच, नमक एक चुटकी, हल्दी पाउडर एक चुटकी, नींबू का रस आधे नींबू का रस, हरा धनिया।
बनाने की विधि
सबसे पहले मूंगफली को भून लें और ठंडा होने दें। इसके बाद इसे मिक्सर जार में डालें और साथ में कद्दूकस किया हुआ सूखा नारियल, लहसुन, अदरक, हरी मिर्च, करी पत्ता, जीरा और सौंफ भी मिलाएं। इन सबको पीसकर सूखा दरदरा पेस्ट तैयार कर लें।
अब भिंडी को अच्छी तरह धोकर कपड़े से पोंछ लें और पूरी तरह सुखा लें। यह कदम बेहद ज़रूरी है, क्योंकि गीली भिंडी पकाते समय चिपचिपी हो जाती है। सूखने के बाद उसका ऊपरी हिस्सा हटाकर भिंडी को टुकड़ों में काट लें।
एक कड़ाही में तेल गरम करें। तेल गरम होते ही उसमें तैयार किया हुआ मूंगफली का मसाला, नमक, हल्दी पाउडर और तीखा लाल मिर्च पाउडर डाल दें। सभी चीज़ों को अच्छी तरह मिलाकर मीडियम आंच पर 2-3 मिनट तक पकाएं। मसाला पक जाने पर इसे एक बाउल में निकाल लें।
उसी कड़ाही में थोड़ा और तेल डालें और फिर कटी हुई भिंडी के साथ थोड़ा सा नमक और थोड़ी सी हल्दी मिलाएं। तेज़ आंच पर सिर्फ़ 1 मिनट भूनें और इसके बाद ढक्कन लगाकर धीमी आंच पर पकने दें।
कुछ देर बाद ढक्कन हटाकर भिंडी को एक बार चला दें। ध्यान रहे, बार-बार चलाने से भिंडी का टेक्सचर बिगड़ जाता है। इसलिए दोबारा ढकने के बजाय बिना ढक्कन के 1-2 मिनट और पकाएं, ताकि भिंडी का टेक्सचर बेहतर हो जाए और बचा हुआ चिपचिपापन सूख जाए।
अब इसमें नींबू का रस मिलाएं, जिससे भिंडी का चिपचिपापन और कम हो जाता है। इसके बाद भिंडी में पहले से तैयार मूंगफली का मसाला डालें। धीमी आंच पर धीरे-धीरे मिलाकर गैस बंद कर दें। आख़िर में चखकर नमक ठीक कर लें। आपकी स्वादिष्ट और मूंगफली के ज़ायके से भरपूर महाराष्ट्रीयन स्टाइल मूंगफली वाली भिंडी तैयार है।
https://www.indiatv.in/lifestyle/recipes/try-making-maharashtrian-style-moongfali-bhindi-just-once-family-will-ask-you-to-make-every-day-note-recipe-2026-06-16-1225357