इंडिया ए के स्क्वाड में फेरबदल, ट्राई सीरीज के बीच बीसीसीआई का अहम फैसला

श्रीलंका में चल रही तीन देशों की सीरीज के दौरान बीसीसीआई ने इंडिया ए टीम में बदलाव किया है। चोटिल युद्धवीर सिंह की जगह अशोक शर्मा को टीम में शामिल किया गया है।

तिलक वर्मा की अगुवाई वाली इंडिया ए क्रिकेट टीम इन दिनों श्रीलंका में खेली जा रही तीन देशों की सीरीज का हिस्सा है। इस मुकाबले में टीम का प्रदर्शन उम्मीद के मुताबिक नहीं रहा है। पहले मैच में भारत ने मेजबान श्रीलंका को मात दी थी, लेकिन दूसरे मुकाबले में अफगानिस्तान के हाथों उसे हार झेलनी पड़ी। तीसरा मैच टाई रहा और जब नतीजा सुपर ओवर तक पहुंचा तो वहां भारतीय टीम पिछड़ गई। इसी बीच टीम की संरचना में एक अहम बदलाव सामने आया है। अशोक शर्मा को टीम में शामिल किया गया है, जबकि युद्धवीर सिंह को बाहर कर दिया गया है।

युद्धवीर सिंह के दाहिने कंधे में परेशानी

बीसीसीआई ने ट्राई सीरीज के बीच में ही इंडिया ए के स्क्वाड में यह फेरबदल किया है। बोर्ड की ओर से दी गई जानकारी के मुताबिक चयन समिति ने श्रीलंका में जारी ट्राई-सीरीज के लिए इंडिया ए स्क्वॉड में युद्धवीर सिंह की जगह अशोक शर्मा को मौका दिया है। बताया गया है कि युद्धवीर ने 13 जून को गेंदबाजी के दौरान अपने दाहिने कंधे में तकलीफ की शिकायत की थी, जबकि 11 जून को फील्डिंग सेशन में भी उन्हें इसी तरह का दर्द महसूस हुआ था।

रिहैबिलिटेशन प्रोग्राम से गुजरेंगे युद्धवीर

इस बारे में आगे जानकारी देते हुए बीसीसीआई ने कहा कि मेडिकल टीम ने एक विशेषज्ञ से सलाह-मशविरे के बाद यह तय किया है कि युद्धवीर अपने दाहिने रोटेटर कफ की चोट से पूरी तरह उबरने के लिए सेंटर ऑफ एक्सीलेंस की निगरानी में एक ग्रेजुएटेड रिहैबिलिटेशन प्रोग्राम से गुजरेंगे।

आईपीएल में गुजरात टाइटंस का हिस्सा रहे अशोक

अशोक शर्मा ने आईपीएल में छह मैच खेलते हुए छह विकेट अपने नाम किए थे। भले ही उनके विकेटों की संख्या ज्यादा नहीं रही, लेकिन अपनी पैनी गेंदबाजी से उन्होंने सभी को प्रभावित किया था। ट्राई सीरीज में अब भारत का अगला मुकाबला अफगानिस्तान से होगा, जो 17 जून को खेला जाएगा। इस मैच में अशोक को मैदान पर उतरने का मौका मिल सकता है। हालांकि टीम फाइनल तक पहुंच पाएगी या नहीं, इस बारे में अभी कुछ कहना कठिन है।

ट्राई-सीरीज के लिए अपडेटेड इंडिया ए स्क्वॉड

तिलक वर्मा (कप्तान), रुतुराज गायकवाड़ (उप-कप्तान), प्रियांश आर्य, वैभव सूर्यवंशी, आयुष बडोनी, निशांत सिंधु, सूर्यांश शेडगे, प्रभसिमरन सिंह (विकेट कीपर), कुमार कुशाग्र (विकेट कीपर), विप्रज निगम, यश ठाकुर, अंशुल कंबोज, अरशद खान, अनुकूल रॉय और अशोक शर्मा।

https://www.indiatv.in/sports/cricket/ashok-sharma-added-to-india-a-squad-for-tri-series-in-sri-lanka-2026-06-16-1225367