हरियाणा में मौसम का कहर: 100 मीटर ऊंचे धूल के बवंडर ने डराया, हांसी में दीवार गिरने से पिता की मौत, बेटा घायल

हरियाणा में आंधी-तूफान और बारिश ने गर्मी से राहत तो दी, मगर तबाही भी मचाई। भिवानी के सिवानी में करीब 100 मीटर ऊंचा धूल का बवंडर उठा, जबकि हांसी में दीवार गिरने से एक व्यक्ति की मौत हो गई और उसका बेटा घायल हो गया।

हरियाणा में बीते दो दिन साफ रहने के बाद सोमवार दोपहर अचानक मौसम ने पलटी मारी। प्रदेश के कई जिलों में तेज आंधी-तूफान के साथ बारिश हुई, जिसने एक ओर लोगों को चिलचिलाती गर्मी से राहत दी, तो दूसरी ओर भारी नुकसान भी पहुंचाया। उत्तरी हरियाणा में पंचकूला समेत कुछ जिलों में बारिश नहीं हुई, मगर रोहतक, हांसी, हिसार और भिवानी जैसे जिलों में बरसात ने तापमान को कुछ कम कर दिया।

100 मीटर ऊंचा धूल का बवंडर

मौसम के इस अचानक बदलाव के बीच भिवानी जिले के सिवानी क्षेत्र में करीब 100 मीटर ऊंचा धूल का बवंडर उठता दिखाई दिया, जिसे देखकर लोग सहम गए। हांसी में हल्की बारिश के साथ ओले भी गिरे, जबकि कई इलाकों में तेज हवाओं और आंधी ने हालात बिगाड़ दिए।

हांसी में दीवार गिरने से गई जान

हांसी में सोमवार को आए तेज तूफान के दौरान एक दीवार ढहने से एक व्यक्ति की मौत हो गई, जबकि उसका 12 वर्षीय बेटा गंभीर रूप से घायल हो गया। मृतक की पहचान भाटिया कॉलोनी निवासी करीब 40 वर्षीय सोनू जांगड़ा के रूप में हुई, वहीं घायल बेटे का नाम अभय बताया गया है।

मिली जानकारी के अनुसार, सोनू जांगड़ा त्रिकोणा पार्क के पास सब्जी-रोटी की रेहड़ी लगाकर अपने परिवार का पेट पालते थे। सोमवार दोपहर जब तेज तूफान आया, तो जिस पुरानी दीवार के सहारे उन्होंने अपनी रेहड़ी लगाई थी, वह अचानक भरभराकर गिर पड़ी। दीवार की चपेट में आने से सोनू और उनके बेटे अभय को गंभीर चोटें आईं।

आसपास मौजूद लोगों ने तत्काल दोनों को अस्पताल पहुंचाया। सोनू की हालत नाजुक देखकर उन्हें हिसार के एक निजी अस्पताल रेफर कर दिया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। घायल अभय का इलाज जारी है। सोमवार शाम सोनू के शव को हांसी के सामान्य अस्पताल के शवगृह में रखवाया गया।

मृतक के भाई ने बताया कि सोनू ही परिवार के इकलौते कमाने वाले सदस्य थे। उनके परिवार में पत्नी और दो बेटे हैं, जिनमें घायल अभय बड़ा बेटा है, जबकि छोटा बेटा अभी पढ़ाई कर रहा है।

अस्पताल की बदहाली भी उजागर

घटना की सूचना मिलते ही वार्ड-27 के पार्षद देवेंद्र मुवाल अस्पताल पहुंचे और शोकाकुल परिवार को सांत्वना दी। उन्होंने प्रशासन से पीड़ित परिवार को उचित आर्थिक मदद देने की मांग की। भाजपा नेता रमेश ने भी परिवार को मुआवजा और हरसंभव सरकारी सहायता दिलाने की मांग उठाई।

इस मौके पर सामान्य अस्पताल की अव्यवस्था भी सामने आ गई। जब परिजन सोनू जांगड़ा के शव को शवगृह तक ले जा रहे थे, तो रास्ते में भरे पानी से होकर गुजरना पड़ा। बारिश के बाद अस्पताल परिसर और शवगृह के आसपास जमा पानी ने परिजनों की परेशानी और बढ़ा दी। वहीं परिसर के बाहर पसरे अंधेरे ने भी व्यवस्थाओं पर सवाल खड़े कर दिए।

बारिश का आनंद लेते दिखे लोग

यमुनानगर में सोमवार को मौसम का मिजाज अचानक बदल गया। तेज हवाओं के साथ शुरू हुई बारिश ने थोड़ी ही देर में पूरे इलाके को अपनी चपेट में ले लिया। आसमान में काले बादल छा गए और दिन में ही अंधेरे जैसे हालात बन गए। बारिश के चलते तापमान गिरा, जिससे लोगों ने राहत महसूस की।

कई दिनों से जारी भीषण गर्मी और उमस से परेशान लोगों के लिए यह बदलाव सुकून भरा रहा। तेज हवाओं की वजह से कुछ जगहों पर दिक्कतें भी हुईं, लेकिन ज्यादातर लोग बारिश का आनंद लेते नजर आए।

15 जिलों में बारिश का अलर्ट, फिर बढ़ेगी गर्मी

हिसार, सिरसा, भिवानी, रोहतक, नारनौल, रेवाड़ी, सोनीपत, फतेहाबाद और पानीपत में तेज आंधी-तूफान चला। वहीं सोनीपत, फतेहाबाद, गुरुग्राम, फरीदाबाद, हांसी, रेवाड़ी, झज्जर और सिरसा में बारिश दर्ज की गई। गुरुग्राम में बारिश के चलते कई सड़कों पर जलभराव हो गया, जिससे यातायात प्रभावित हुआ।

मौसम विभाग ने प्रदेश के 15 जिलों में गरज-चमक के साथ बारिश का अलर्ट जारी किया है। विभाग के मुताबिक, आने वाले दिनों में भी मौसम में उतार-चढ़ाव बना रह सकता है।

विभाग के आंकड़ों के अनुसार, पिछले दो दिन मौसम साफ रहने से प्रदेश के औसत अधिकतम तापमान में 3.2 डिग्री सेल्सियस की बढ़ोतरी हुई है। इसके बावजूद तापमान अभी सामान्य से 1.8 डिग्री सेल्सियस कम बना हुआ है। विभाग का अनुमान है कि अगले पांच दिनों में अधिकतम तापमान में करीब 5 डिग्री सेल्सियस तक की वृद्धि हो सकती है। ऐसे में बारिश और आंधी के बीच गर्मी का असर भी धीरे-धीरे बढ़ने की संभावना है।

https://hindi.news18.com/news/haryana/chandigarh-city-heavy-rain-and-storm-rohtak-bhiwani-sonipat-panipat-hansi-wall-collapse-father-died-son-injured-imd-monsoon-alert-local18-10574623.html