समस्तीपुर में बूढ़ी गंडक पर बनेगा 47 करोड़ का नया पुल, 60 से ज्यादा गांवों को राहत, खत्म होगी घंटों की जाम की समस्या

समस्तीपुर में बूढ़ी गंडक नदी पर 47 करोड़ रुपये की लागत से बन रहा 400 मीटर लंबा पुल लगभग तैयार है। इसके चालू होने पर शहर को भारी ट्रैफिक जाम से राहत मिलेगी और बेगूसराय, रोसड़ा समेत कई जिलों के लोगों को फायदा होगा।

बिहार के समस्तीपुर जिले के निवासियों को विकास की एक और बड़ी सौगात मिलने जा रही है। शहर की पुरानी और गंभीर जाम की समस्या से राहत दिलाने वाला एक अहम प्रोजेक्ट अब अपने अंतिम चरण में पहुंच चुका है। बूढ़ी गंडक नदी पर बन रहे इस नए पुल का निर्माण कार्य तेज रफ्तार से चल रहा है। यह वही पुल है, जिसके शुरू होते ही शहर के बीचों-बीच लगने वाले भारी ट्रैफिक जाम से लोगों को बड़ी राहत मिलने की उम्मीद है। उल्लेखनीय है कि समस्तीपुर सिक्सर किंग वैभव सूर्यवंशी का गृह जिला भी है।

निर्माण कार्य अंतिम पड़ाव पर

निर्माण स्थल पर पहुंचकर जब काम का जायजा लिया गया तो देखा गया कि पुल के कई पिलरों पर स्लैब ढाले जा चुके हैं। वहीं नदी के ऊपर बाकी हिस्सों पर भी निर्माण का काम तेजी से जारी है। मौजूदा गति को देखते हुए यह प्रोजेक्ट अपने आखिरी पड़ाव की ओर बढ़ता नजर आ रहा है।

कई जिलों को मिलेगा सीधा लाभ

जानकारी के अनुसार यह पुल केवल समस्तीपुर शहर तक सीमित नहीं रहेगा, बल्कि आसपास के कई जिलों के लोगों के लिए भी राहत लेकर आएगा। पुल चालू होते ही बेगूसराय, रोसड़ा, हसनपुर और दलसिंहसराय से दरभंगा की ओर जाने वाले भारी वाहन शहर के भीतर प्रवेश किए बिना सीधे आगे निकल सकेंगे। इससे शहर की भीड़ कम होगी, लोगों का समय बचेगा और ईंधन की भी बचत होगी।

पहले से बढ़ाई गई लंबाई और पाया

बिहार राज्य पुल निर्माण निगम लिमिटेड की देखरेख में बन रहे इस पुल की लागत करीब 47 करोड़ रुपये बताई जा रही है। शुरुआत में इसकी लंबाई 336 मीटर और 9 पाया तय की गई थी, लेकिन बाद में दो अतिरिक्त पाया जोड़कर इसे 11 पाया और करीब 400 मीटर लंबा कर दिया गया। पुल के बनने के बाद हकीमाबाद और नागरबस्ती समेत पांच दर्जन से अधिक गांवों के लोगों को सीधा लाभ पहुंचेगा।

स्थानीय लोगों में जगी उम्मीद

स्थानीय निवासी नंद लाल राय ने बताया कि निर्माण कार्य की रफ्तार से साफ झलकता है कि काम तेजी से अपने अंतिम चरण की ओर बढ़ रहा है। उन्होंने कहा कि वर्षों से समस्तीपुर शहर में जाम एक बड़ी समस्या रही है, लेकिन जैसे ही यह पुल बनकर तैयार होगा, लोगों को बड़ी राहत मिलेगी।

नंद लाल राय का कहना है कि काम की गति काफी अच्छी है और जिस तरह लगातार निर्माण हो रहा है, उससे उम्मीद है कि बहुत जल्द यह सपना पूरा होगा। उनके मुताबिक पुल के शुरू होते ही समस्तीपुर में लगने वाला जाम लगभग खत्म हो जाएगा।

https://hindi.news18.com/news/bihar/samastipur-new-bridge-budhi-gandak-vaibhav-suryavanshi-district-samastipur-will-soon-ease-traffic-jam-local18-ws-l-10574580.html