दिल्ली-NCR में अचानक पलटा मौसम, तेज आंधी और झमाझम बारिश से कई जगह उखड़े पेड़

मंगलवार सुबह दिल्ली-एनसीआर में मौसम ने अचानक करवट ली और तेज हवाओं के साथ हुई जोरदार बारिश से सड़कों पर जाम लग गया तथा कई स्थानों पर छोटे पेड़ गिर गए। मौसम विशेषज्ञों के मुताबिक यह सिलसिला अगले दो दिन तक जारी रह सकता है।

राजधानी और उससे सटे इलाकों में मंगलवार की सुबह मौसम ने अचानक करवट ले ली। तेज हवाओं के बीच झमाझम बारिश शुरू हो गई और देखते ही देखते माहौल बदल गया। आंधी-तूफान का असर इतना तेज रहा कि सड़कों के किनारे लगे कई छोटे पेड़ धराशायी हो गए। कनॉट प्लेस, मंडी हाउस, द्वारका और इनके आसपास के क्षेत्रों में जोरदार बारिश दर्ज की गई। बारिश के कारण कई मार्गों पर लंबा जाम लग गया, जिससे दफ्तर जाने वाले लोगों को खासी परेशानी का सामना करना पड़ा।

नोएडा और गाजियाबाद भी भीगे

दिल्ली के साथ-साथ नोएडा और गाजियाबाद में भी तेज बारिश हुई। दिल्ली-एनसीआर के दूसरे हिस्सों में भी हवाओं के साथ पानी बरसा। सुबह से ही आसमान में बादल छाए हुए थे और उमस भरी गर्मी बनी हुई थी। मौसम में आए इस बदलाव से लोगों को गर्मी से राहत महसूस हुई।

पहले से ही दी गई थी चेतावनी

दिल्ली समेत उत्तर भारत के कई राज्यों में बीते कई दिनों से भीषण गर्मी का दौर चल रहा था। दिन में तेज धूप के साथ पारा 43 डिग्री सेल्सियस के पार तक पहुंच रहा था। मौसम विभाग ने दिल्ली-एनसीआर समेत कई राज्यों में आंधी और बारिश की संभावना पहले ही जता दी थी।

सोमवार को भी चली थी आंधी

हिमालयी क्षेत्र में सक्रिय हुए एक नए पश्चिमी विक्षोभ और मानसून की नम हवाओं के असर से सोमवार को उत्तर-पश्चिम भारत के कई हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश हुई थी। दिल्ली-एनसीआर और राजस्थान के बड़े हिस्से में सोमवार को धूल भरी आंधी चली थी। दिल्ली के कई इलाकों में सोमवार को तेज आंधी के साथ हुई हल्की से मध्यम बारिश ने लोगों को भीषण गर्मी से काफी राहत दी थी।

मौसम विभाग ने क्या बताया

निजी मौसम पूर्वानुमान एजेंसी 'स्काईमेट वेदर' के विशेषज्ञ महेश पालावत के अनुसार, पंजाब, हरियाणा और आसपास के इलाकों में चक्रवाती हवाओं का एक क्षेत्र बना हुआ था, जिसके चलते दिल्ली में बारिश हुई। उन्होंने बताया कि अरब सागर से आ रही नमी से भरी दक्षिण-पश्चिमी हवाओं ने भी इस मौसम को बनाने में योगदान दिया। इसी नमी और चक्रवाती हवाओं के कारण पंजाब, हरियाणा और दिल्ली के कई हिस्सों में बारिश हुई।

अगले दो दिन बना रहेगा ऐसा मौसम

विशेषज्ञ का कहना है कि यह सिलसिला अगले दो दिनों तक जारी रह सकता है, हालांकि इसकी तीव्रता धीरे-धीरे कम होती जाएगी। हवा में नमी बने रहने के कारण फिलहाल तापमान में बड़ी बढ़ोतरी की आशंका नहीं है, इसके बाद पारा दोबारा चढ़ना शुरू होगा।

https://www.indiatv.in/delhi/delhi-ncr-weather-heavy-rainfall-strong-storms-trees-uprooted-aaj-ka-mausam-idm-alert-2026-06-16-1225341