बरेली: चाइनीज मांझे की चपेट में आए गन्ना मंत्री संजय गंगवार के भतीजे, तीन घंटे की सर्जरी के बाद हालत स्थिर

बरेली के बारादरी पुल पर स्कूटी से जा रहे गन्ना मंत्री संजय गंगवार के 15 वर्षीय भतीजे आदित्य वीर गंगवार चाइनीज मांझे की चपेट में आकर गंभीर रूप से घायल हो गए। करीब तीन घंटे की सर्जरी के बाद डॉक्टरों ने उनकी हालत स्थिर बताई है।

बरेली में चाइनीज मांझे ने एक बार फिर बड़े हादसे को अंजाम दिया है। उत्तर प्रदेश सरकार के गन्ना मंत्री संजय गंगवार के 15 वर्षीय भतीजे आदित्य वीर गंगवार इसकी चपेट में आकर गंभीर रूप से घायल हो गए। स्कूटी से सफर के दौरान बारादरी पुल पर मांझे ने उनकी गर्दन, होंठ और हाथों को बुरी तरह जख्मी कर दिया।

मांझा इतना धारदार था कि आदित्य के मुंह से कान तक और कान से गर्दन तक गहरे जख्म हो गए और वह लहूलुहान हो उठे। हादसे के तुरंत बाद उन्हें बरेली के ईशान हॉस्पिटल में भर्ती कराया गया, जहां डॉक्टरों ने बिना देर किए ऑपरेशन शुरू कर दिया।

खतरे से बाहर हैं आदित्य

अस्पताल के डॉक्टरों के मुताबिक आदित्य की उंगली, होंठ और गर्दन पर गहरी चोटें आई थीं। करीब तीन घंटे तक चली सर्जरी के बाद उनकी हालत अब स्थिर है और उन्हें खतरे से बाहर बताया गया है।

भतीजे का हालचाल जानने पहुंचे गन्ना मंत्री

घटना की सूचना मिलते ही गन्ना मंत्री संजय गंगवार ईशान हॉस्पिटल पहुंचे और भतीजे का हालचाल लिया। उन्होंने अवैध चाइनीज मांझे की बिक्री पर गहरी नाराजगी जताई और अधिकारियों को सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए।

नहीं रुक रहा अवैध कारोबार

गौरतलब है कि शहर में इससे पहले भी चाइनीज मांझे के खिलाफ अभियान चलाकर कार्रवाई की जा चुकी है, लेकिन इसके बावजूद इसका अवैध कारोबार पूरी तरह नहीं रुक पाया है। प्रशासन ने हादसे के बाद इस पर कड़ी कार्रवाई के निर्देश दिए हैं।

https://hindi.news18.com/news/uttar-pradesh/bareilly-sugarcane-minister-sanjay-gangwar-nephew-injured-by-chinese-manja-incident-in-bareilly-teen-hospitalized-local18-10574562.html