प्रयागराज के मेजा में एक ही परिवार के तीन लोगों की हत्या, गांव में दहशत; जांच में जुटी पुलिस

प्रयागराज के मेजा थाना क्षेत्र के कुकुरकटवा गांव में अज्ञात हमलावरों ने एक ही परिवार के तीन सदस्यों की सिर पर वार कर हत्या कर दी। मृतकों में पति-पत्नी और भाभी शामिल हैं।

उत्तर प्रदेश के प्रयागराज जिले के यमुनानगर जोन स्थित मेजा थाना क्षेत्र में तीन लोगों की बेहद निर्ममता से हत्या किए जाने की सनसनीखेज वारदात सामने आई है। ट्रिपल मर्डर की यह घटना मेजा थाना क्षेत्र के कुकुरकटवा गांव में हुई, जहां अज्ञात हमलावरों ने एक ही परिवार के तीन सदस्यों के सिर पर वार कर उन्हें मौत के घाट उतार दिया।

कौन हैं मृतक

मृतकों की पहचान श्यामलाल उर्फ कल्लू, उनकी पत्नी मंजू देवी और कल्लू की भाभी के रूप में हुई है। मंगलवार सुबह जैसे ही इस वारदात की जानकारी फैली, पूरे गांव में हड़कंप मच गया और घटनास्थल पर लोगों की भारी भीड़ इकट्ठा हो गई।

मौके पर पहुंची पुलिस और फॉरेंसिक टीम

ट्रिपल मर्डर की सूचना मिलते ही मेजा थाना पुलिस के साथ-साथ वरिष्ठ अधिकारी भी घटनास्थल पर पहुंच गए। फील्ड यूनिट, डॉग स्क्वायड और फॉरेंसिक टीम ने मौके पर पहुंचकर जांच-पड़ताल शुरू कर दी है।

हर एंगल से जांच

फिलहाल इस वारदात के पीछे की असल वजह स्पष्ट नहीं हो पाई है। पुलिस परिजनों और ग्रामीणों से पूछताछ कर रही है और जमीनी रंजिश समेत हर पहलू को ध्यान में रखकर मामले की जांच आगे बढ़ा रही है।

अधिकारियों का दावा

घटनास्थल पर एडिशनल पुलिस कमिश्नर लैंड ऑर्डर डॉ अजय पाल शर्मा, डीसीपी गंगानगर जोन विवेक चंद्र यादव और एसीपी मेजा मौजूद रहे। पुलिस ने तीनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजने की कार्यवाही शुरू कर दी है। आला अधिकारियों ने जल्द ही इस ट्रिपल मर्डर का खुलासा करने का दावा भी किया है।

https://hindi.news18.com/news/uttar-pradesh/allahabad-triple-murder-in-prayagraj-police-start-investigation-10574458.html