मध्य प्रदेश के ग्वालियर स्थित मुरार थाने में सोमवार को उस वक्त अफरा-तफरी मच गई, जब दुष्कर्म की शिकायत दर्ज कराने पहुंची एक विवाहिता से सिपाही ने जांच के बाद मामला दर्ज करने की बात कही। यह सुनकर महिला थाने से बाहर निकली और चूहा मार दवा खाकर दोबारा थाने के अंदर पहुंच गई।
महिला की तबीयत बिगड़ने पर पुलिस उसे आनन-फानन में मुरार जिला अस्पताल ले गई, जहां डॉक्टरों ने उसका इलाज किया और हालत में सुधार हुआ। इसके बाद पुलिस ने विवाहिता की शिकायत पर आरोपी के खिलाफ दुष्कर्म की FIR दर्ज कर ली और अब मामले की जांच कर रही है। पीड़िता की हालत अब खतरे से बाहर बताई गई है।
नौकरी का झांसा देकर शोषण का आरोप
महिला ने पुलिस को बताया कि वह मूल रूप से भिंड जिले की रहने वाली है और अपने बच्चों की पढ़ाई के लिए मुरार के बंसीपुर में रहने आई थी। यहीं उसकी पहचान ऑनलाइन दुकान चलाने वाले गजेंद्र केवट से हुई थी। आरोप है कि गजेंद्र उससे फोन पर बातचीत करने लगा और बाद में उसे नौकरी का झांसा दिया।
पीड़िता के अनुसार, साल 2024 में गजेंद्र उसके मुरार के किराये के मकान में पहुंचा और वहां उसके साथ दुष्कर्म किया, फिर नौकरी दिलाने का झांसा देकर लगातार शोषण करता रहा।
तलाक के लिए दबाव और धमकी
महिला का आरोप है कि गजेंद्र केवट ने उस पर अपने पति से तलाक लेने के लिए दबाव डाला, जबकि विवाहिता ने पहले नौकरी लगवाने का वादा पूरा करने की मांग रखी। इसके बाद गजेंद्र ने उसे धमकाना शुरू कर दिया। मुरार पुलिस ने आरोपी के खिलाफ दुष्कर्म सहित अन्य धाराओं में केस दर्ज कर उसकी तलाश शुरू कर दी है।
पुलिस का बयान
मुरार के सीएसपी अतुल सोनी ने बताया कि थाने में एक महिला आई थी, जिसने शादी का झांसा देकर दुष्कर्म और मानसिक प्रताड़ना की शिकायत की है। उन्होंने कहा कि पीड़िता के आवेदन पर FIR दर्ज कर ली गई है।
थाने में जब वह शिकायत दर्ज कराने आई थी, तभी स्वास्थ्य बिगड़ने के कारण उसे जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया। अब महिला की हालत ठीक है और उसकी शिकायत पर केस दर्ज कर आरोपी के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।
https://hindi.news18.com/news/madhya-pradesh/gwalior-woman-ate-rat-killer-and-reaches-police-station-rape-fir-files-local18-10574420.html