यूपी के मौसम का दोहरा मिजाज: कहीं झमाझम बारिश तो कहीं तपती गर्मी, IMD ने जारी किया अलर्ट

उत्तर प्रदेश के पूर्वी और तराई के जिलों में गरज-चमक के साथ हल्की बारिश और तेज हवाओं की संभावना है, जबकि पश्चिमी यूपी के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। अगले पांच दिनों में तापमान में 5 से 7 डिग्री सेल्सियस तक की बढ़ोतरी हो सकती है।

उत्तर प्रदेश में इन दिनों मौसम का मिजाज लगातार बदल रहा है। राज्य के एक हिस्से में जहां आंधी, गरज-चमक और हल्की बारिश की संभावना है, वहीं दूसरे हिस्से में तेज गर्मी लोगों को परेशान कर सकती है। मौसम विभाग ने प्रदेश के अलग-अलग इलाकों के लिए आंधी, तूफान, बिजली गिरने और झमाझम बारिश को लेकर पूर्वानुमान जारी किया है।

किन जिलों में रहेगा बारिश का असर

मौसम विभाग के अनुसार आज प्रदेश के कई जिलों में 50 से 60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से झोंकेदार हवाएं चल सकती हैं, साथ ही कई इलाकों में बिजली गिरने की चेतावनी भी दी गई है। विभाग के मुताबिक पश्चिमी विक्षोभ अब समाप्त हो चुका है, लेकिन हवा में अब भी नमी मौजूद है और कुछ जिलों में मौसम सक्रिय बना हुआ है।

मौसम विभाग ने सोनभद्र, मिर्जापुर, वाराणसी, चंदौली, गाजीपुर, मऊ, बलिया, देवरिया, गोरखपुर, संतकबीरनगर, कुशीनगर, महाराजगंज और सिद्धार्थनगर जिलों में गरज-चमक के साथ हल्की बारिश की संभावना जताई है। इसके अलावा बाकी जिलों में मौसम शुष्क बने रहने का अनुमान है।

5 से 7 डिग्री तक बढ़ सकता है तापमान

मौसम विभाग का अनुमान है कि आने वाले पांच दिनों में तापमान में 5 से 7 डिग्री सेल्सियस तक की बढ़ोतरी हो सकती है। इसके चलते लोगों को एक बार फिर तेज गर्मी और उमस का सामना करना पड़ सकता है, हालांकि फिलहाल लू चलने की आशंका कम है।

पिछले तीन दिनों से प्रदेश में चल रहा आंधी और बारिश का दौर अब थम चुका है। ऐसे में आगामी दिनों में गर्मी का असर और बढ़ने की संभावना है, जबकि पूर्वी और तराई के कुछ जिलों में होने वाली हल्की बारिश लोगों को कुछ राहत दे सकती है।

मानसून के लिए करना होगा और इंतजार

मानसून को लेकर मौसम विभाग का कहना है कि उत्तर प्रदेश के लोगों को अभी और प्रतीक्षा करनी पड़ सकती है। मौसम वैज्ञानिकों के मुताबिक हरियाणा के पास बने पश्चिमी विक्षोभ और पाकिस्तान से बांग्लादेश तक फैली कम दबाव वाली हवा के कारण बीते कुछ दिनों से प्रदेश में बारिश और तेज हवाएं चल रही थीं। अब यह सिस्टम कमजोर पड़ रहा है, जिससे वातावरण में नमी घटेगी और धूप तेज होगी।

विभाग ने यह भी बताया है कि राज्य में मानसून के आगे बढ़ने के लिए परिस्थितियां फिलहाल अनुकूल नहीं हैं। यही वजह है कि कुछ दिनों तक झुलसाने वाली गर्मी से राहत मिलने के आसार नहीं दिख रहे हैं।

क्या कहते हैं मौसम वैज्ञानिक

मौसम वैज्ञानिक मोहम्मद दानिश के अनुसार इस समय एक वेस्टर्न डिस्टर्बेंस जम्मू-कश्मीर के आसपास सक्रिय है, जबकि हरियाणा के पास एक साइक्लोनिक सर्कुलेशन भी बना हुआ है। इन मौसम प्रणालियों के असर से आज पश्चिमी उत्तर प्रदेश के कुछ जिलों में गरज-चमक के साथ हल्की बारिश और तेज हवाएं चलने की संभावना है। इसी को देखते हुए पश्चिमी यूपी के लिए आज ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है।

उन्होंने बताया कि इसके बाद फिलहाल किसी बड़े अलर्ट की संभावना नहीं है और प्रदेश में छिटपुट बारिश का सिलसिला जारी रह सकता है। तापमान के संदर्भ में उन्होंने कहा कि कोई सक्रिय मौसम प्रणाली न होने के कारण अगले एक सप्ताह तक तापमान में लगातार बढ़ोतरी देखने को मिल सकती है।

https://hindi.news18.com/news/uttar-pradesh/lucknow-up-rain-thunderstorm-alert-monsoon-update-varanasi-gorakhpur-ghazipur-ballia-imd-heavy-rain-wind-storm-up-aaj-ka-mausam-local18-10574082.html