मुजफ्फरपुर: बिहार में सिपाही भर्ती परीक्षा के दौरान एक बार फिर हाईटेक तरीके से नकल कराने वाले गिरोह की सक्रियता उजागर हुई है। मुजफ्फरपुर पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए परीक्षा में इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों के सहारे कदाचार कराने वाले एक बड़े अंतरजिला गिरोह का भंडाफोड़ किया है। तुरंत कार्रवाई करते हुए पुलिस ने इस गिरोह के चार सक्रिय सदस्यों को गिरफ्तार कर लिया है।
संदिग्ध हरकतों से खुली पोल
यह पूरा मामला 14 जून को केंद्रीय चयन पर्षद (सिपाही भर्ती) द्वारा आयोजित लिखित परीक्षा से जुड़ा है। मुजफ्फरपुर के चैपमैन राजकीय बालिका उच्च माध्यमिक विद्यालय परीक्षा केंद्र पर एक परीक्षार्थी की गतिविधियां संदिग्ध लगने पर जब उसकी कड़ी तलाशी ली गई तो मौजूद लोगों के होश उड़ गए। परीक्षार्थी के पास से माइक्रोफोन, इलेक्ट्रॉनिक संचार उपकरण और दूसरी तकनीकी सामग्रियां मिलीं, जिनका इस्तेमाल परीक्षा में अवैध रूप से मदद लेने के लिए किया जा रहा था। केंद्र अधीक्षक की लिखित शिकायत पर मिठनपुरा थाने में मामला दर्ज कर छानबीन शुरू कर दी गई।
एसएसपी के निर्देश पर गठित हुई विशेष टीम
मामले की गंभीरता को देखते हुए वरीय पुलिस अधीक्षक कांतेस कुमार मिश्रा के निर्देश पर एक विशेष टीम बनाई गई। इस टीम में नगर पुलिस अधीक्षक, अपर पुलिस अधीक्षक (नगर-01), जिला आसूचना इकाई (DIU) और मिठनपुरा थानाध्यक्ष को शामिल किया गया। तकनीकी विश्लेषण और पूछताछ के आधार पर पुलिस टीम ने पटना और भोजपुर जिलों में लगातार छापेमारी की। इस दौरान गिरोह के उन सदस्यों को भी पकड़ा गया, जो परीक्षा केंद्र के बाहर बैठकर सवालों के जवाब पहुंचाने की कोशिश कर रहे थे।
गिरफ्तार आरोपियों का ब्योरा
- पंकज कुमार यादव (थाना- शाहपुर, जिला- भोजपुर)
- प्रकाश कुमार (थाना- मुफस्सिल, जिला- भोजपुर)
- संजय कुमार सिंह उर्फ रंजन सिंह (थाना- बाबूरा, जिला भोजपुर; वर्तमान निवासी- थाना बिहटा, जिला पटना)
- पवन कुमार (थाना- बिहिया, जिला- भोजपुर)
बड़ी संख्या में तकनीकी उपकरण बरामद
गिरफ्तार आरोपियों के पास से पुलिस ने नकल में इस्तेमाल होने वाले कई उपकरण और दस्तावेज जब्त किए हैं। बरामद सामान में तीन मोबाइल फोन, दो इलेक्ट्रॉनिक डिवाइसेज, एक इयरबड, दो आधार कार्ड, दो प्रवेश पत्र, एक ड्राइविंग लाइसेंस और एक कॉपी शामिल है।
कैसे दबोचे गए चारों आरोपी
सिटी एसपी मोहिबुल्लाह अंसारी ने बताया कि सिपाही भर्ती परीक्षा के दौरान सूचना मिली थी कि एक व्यक्ति परीक्षा में इलेक्ट्रॉनिक डिवाइस का इस्तेमाल कर रहा है। पुलिस मौके पर पहुंची और तलाशी के दौरान उस युवक से इलेक्ट्रॉनिक डिवाइस तथा माइक्रोफोन बरामद किया गया। उसकी निशानदेही पर एक अन्य युवक से वॉकी टॉकी मिली। ये लोग वहीं से सवाल बता रहे थे और उनके जवाब भी दे रहे थे। इनका एक पूरा संगठन है। मौके से पंकज कुमार और प्रकाश यादव को गिरफ्तार किया गया, जबकि इनकी निशानदेही पर संजय सिंह और पवन को पटना से पकड़ा गया। पूछताछ में सामने आया कि संजय कुमार परीक्षा की सेटिंग का काम करता था। एसपी के मुताबिक मामले की जांच जारी है।
https://www.indiatv.in/bihar/four-accused-arrested-for-facilitating-cheating-in-constable-recruitment-exam-in-muzaffarpur-2026-06-15-1225305