150 किमी प्रति घंटे की रफ्तार वाले अशोक शर्मा को पहली बार इंडिया ए में जगह, सीरीज के बीच हुआ बदलाव

आईपीएल 2026 में अपनी तेज रफ्तार से चर्चा बटोरने वाले अशोक शर्मा को श्रीलंका में जारी ट्राई सीरीज के लिए इंडिया ए टीम में शामिल किया गया है। रिपोर्ट्स के मुताबिक वह चोटिल युधवीर सिंह की जगह टीम का हिस्सा बने हैं।

तेज गेंदबाज अशोक शर्मा के लिए खुशखबरी आई है। राजस्थान छोड़कर गुजरात की ओर से घरेलू क्रिकेट खेलने का फैसला लेने के ठीक एक दिन बाद ही उन्हें बीसीसीआई की ओर से बड़ी सौगात मिल गई। रिपोर्ट्स के अनुसार श्रीलंका में चल रही ट्राई सीरीज के लिए उन्हें इंडिया ए टीम में जगह दी गई है। 23 साल के इस पेसर को चोटिल हुए युधवीर सिंह की जगह टीम में शामिल किया गया है।

16 जून को रवाना होंगे श्रीलंका

खबरों के मुताबिक अशोक 16 जून यानी मंगलवार सुबह कोलंबो के लिए रवाना होंगे और इसके बाद डांबुला में टीम के साथ जुड़ेंगे। यह ट्राई सीरीज इंडिया ए, श्रीलंका ए और अफगानिस्तान ए के बीच खेली जा रही है।

अफगानिस्तान ए से करो या मरो का मुकाबला

तिलक वर्मा की कप्तानी वाली इंडिया ए टीम को सोमवार को मेजबान टीम के खिलाफ नजदीकी हार झेलनी पड़ी थी। अब टीम 17 जून को अफगानिस्तान ए के खिलाफ करो या मरो के मुकाबले में उतरेगी।

आईपीएल में बिखेरा था जलवा

अशोक ने आईपीएल के दौरान अपनी तेज रफ्तार से सभी का ध्यान अपनी ओर खींचा था। उन्होंने छह मैचों में छह विकेट झटके और गुजरात टाइटंस के मैनेजमेंट को वह खूब पसंद आए। फ्रेंचाइजी ने उन्हें नीलामी में 90 लाख रुपये में खरीदा था।

अशोक की सबसे बड़ी खूबी उनकी रफ्तार है। वह 150 किमी प्रति घंटे की गति से गेंदबाजी करते हैं और हैरानी की बात यह है कि उसी एक्शन के साथ वह 115 किमी प्रति घंटे की स्लोअर डिलीवरी डालने की क्षमता भी रखते हैं।

सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी में तोड़ा था पुराना रिकॉर्ड

यह युवा तेज गेंदबाज अपनी रफ्तार के दम पर पहली बार सुर्खियों में आया था। उन्होंने सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी में 11 साल पुराना रिकॉर्ड तोड़ते हुए 22 विकेट लिए और टूर्नामेंट के सबसे सफल गेंदबाज बने।

आईपीएल का सफर

अशोक को साल 2022 में कोलकाता नाइट राइडर्स ने 55 लाख रुपये में पहला आईपीएल कॉन्ट्रैक्ट दिया था, लेकिन बाद में उन्हें रिलीज कर दिया गया। इसके बाद वह एक सीजन राजस्थान रॉयल्स के साथ नेट बॉलर के तौर पर जुड़े रहे। 2025 की मेगा नीलामी में राजस्थान रॉयल्स ने उन्हें उनके बेस प्राइस 30 लाख रुपये में खरीदा, मगर बिना कोई मैच खिलाए ही रिलीज कर दिया।

https://hindi.news18.com/cricket/ashok-sharma-earns-india-a-call-up-for-the-sri-lanka-tri-series-replacing-injured-yudhvir-singh-says-report-10573765.html