कुकर में बनाएं ढाबा जैसा लाजवाब राजमा, हर कोई पूछेगा रेसिपी, यहां जानें पूरी विधि

राजमा-चावल का स्वाद किसे पसंद नहीं आता। यहां जानिए प्रेशर कुकर में आसानी से ढाबा स्टाइल राजमा बनाने का तरीका, जिसे खाकर हर कोई उंगलियां चाटता रह जाएगा।

राजमा एक ऐसा व्यंजन है जो लगभग हर घर में चाव से खाया जाता है। गरमागरम चावल के साथ इसका मेल बेहद स्वादिष्ट लगता है। वैसे तो आमतौर पर इसे कड़ाही में बनाया जाता है, लेकिन प्रेशर कुकर में भी इसे बेहद आसानी से तैयार किया जा सकता है। आइए जानते हैं इसकी पूरी विधि।

राजमा बनाने के लिए जरूरी सामग्री

राजमा 250 ग्राम, प्याज़ 3, टमाटर 4, हरी मिर्च 2, लहसुन 8-10, अदरक, दालचीनी 2 इंच, बड़ी इलायची 1, 2 तेज पत्ता, 1 छोटा चम्मच जीरा, 1 छोटा चम्मच नमक, आधा छोटा चम्मच हल्दी पाउडर, 2 बड़े चम्मच कश्मीरी लाल मिर्च पाउडर, 2 बड़े चम्मच धनिया पाउडर, 1/2 छोटा चम्मच गरम मसाला, 1 बड़ा चम्मच घी, 3 कप पानी, जरूरत के अनुसार गर्म पानी, एक चुटकी गरम मसाला, भुना हुआ कसूरी मेथी पाउडर और 1 बड़ा चम्मच घी।

कुकर में राजमा बनाने की विधि

  • सबसे पहले राजमा को 6-8 घंटे के लिए भिगोकर रख दें। तय समय बीत जाने के बाद भीगे हुए राजमा को प्रेशर कुकर में डालें। इसके साथ ही प्याज़ और टमाटर भी डाल दें। टमाटर को काटने की जरूरत नहीं है, बस उन पर ऊपर से क्रॉस कट लगा दें। अब इसमें बीच से हरी मिर्च, लहसुन, अदरक, दालचीनी, बड़ी इलायची, तेज पत्ता, जीरा, नमक, हल्दी पाउडर, कश्मीरी लाल मिर्च पाउडर, धनिया पाउडर और गरम मसाला डालें।

  • आखिर में घी और पानी डालकर सारी सामग्री को अच्छी तरह मिला लें। इसके बाद कुकर का ढक्कन बंद करें और तेज आंच पर 1 सीटी आने तक पकाएं। फिर आंच धीमी कर दें और 15 मिनट तक पकने दें। पकने के बाद गैस बंद कर दें और कुकर की भाप को अपने आप निकलने दें।

  • जब कुकर की पूरी भाप निकल जाए, तब ढक्कन खोलें। आप देखेंगे कि टमाटर पूरी तरह नरम हो चुके होंगे। इनके छिलके उतार लें और ऊपर से साबुत मसाले निकाल दें। लहसुन भी पूरी तरह गल चुका होगा और राजमा अच्छी तरह पक गया होगा। अब दोबारा गैस ऑन करें और मिश्रण को उबालते हुए लगातार चलाते रहें, ताकि टमाटर और प्याज़ ग्रेवी में पूरी तरह घुल जाएं। एक-दो मिनट में ही सब कुछ अच्छी तरह मिल जाएगा।

  • अब इसे चखकर देखें और जरूरत हो तो नमक ठीक कर लें। अंत में थोड़ा सा गरम मसाला, भुना हुआ कसूरी मेथी पाउडर, घी और ताजा हरा धनिया डालें। सब कुछ अच्छी तरह मिला लें और आपका बेहद स्वादिष्ट तथा आसानी से बनने वाला प्रेशर कुकर राजमा परोसने के लिए तैयार है।

https://www.indiatv.in/lifestyle/recipes/make-dhaba-style-tasty-rajma-in-a-pressure-cooker-note-the-recipe-2026-06-15-1225267