प्रयागराज से वलसाड और मुंबई के बीच दौड़ेंगी 2 नई स्पेशल ट्रेनें, जानें ठहराव और समय-सारिणी

पश्चिम रेलवे ने प्रयागराज के सूबेदारगंज स्टेशन से गुजरात के वलसाड और मुंबई के दादर के बीच दो स्पेशल ट्रेनें चलाने का फैसला किया है। इनसे यूपी, एमपी, गुजरात और महाराष्ट्र के यात्रियों को राहत मिलेगी।

Indian Railways Special Trains: भारतीय रेल के पश्चिम रेलवे जोन ने यात्रियों को सहूलियत देने के मकसद से 2 नई स्पेशल ट्रेनें चलाने का ऐलान किया है। ये दोनों गाड़ियां प्रयागराज के सूबेदारगंज रेलवे स्टेशन से गुजरात के वलसाड और मुंबई के दादर रेलवे स्टेशन के बीच परिचालित होंगी। रेलवे ने इन ट्रेनों के मार्ग, ठहराव और समय से जुड़ी पूरी जानकारी जारी कर दी है। इन दो स्पेशल ट्रेनों का लाभ यूपी, गुजरात और महाराष्ट्र के अलावा मध्य प्रदेश के यात्रियों को भी मिलेगा, क्योंकि ये गाड़ियां यूपी, एमपी, गुजरात और महाराष्ट्र के अहम रेलवे स्टेशनों से होकर गुजरेंगी।

सूबेदारगंज-दादर सुपरफास्ट स्पेशल ट्रेन

सूबेदारगंज से दादर की ओर जाने वाली ट्रेन नंबर- 04175, सूबेदारगंज-दादर सुपरफास्ट स्पेशल ट्रेन हर रविवार को शाम 16:10 बजे सूबेदारगंज रेलवे स्टेशन से रवाना होगी और अगले दिन रात 22:40 बजे दादर पहुंचेगी। यह सुपरफास्ट स्पेशल ट्रेन 21 जून, 2026 से 12 जुलाई, 2026 तक चलाई जाएगी।

वापसी की दिशा में, दादर से सूबेदारगंज जाने वाली ट्रेन संख्या- 04176, दादर-सूबेदारगंज सुपरफास्ट स्पेशल ट्रेन हर मंगलवार को रात 12:15 बजे दादर से प्रस्थान करेगी और अगले दिन सुबह 05:00 बजे सूबेदारगंज पहुंच जाएगी। यह गाड़ी 23 जून, 2026 से 14 जुलाई, 2026 तक संचालित होगी।

सूबेदारगंज-दादर सुपरफास्ट स्पेशल ट्रेन के ठहराव

सूबेदारगंज और दादर के बीच चलने वाली यह सुपरफास्ट स्पेशल ट्रेन अपने सफर के दौरान फतेहपुर, गोविंदपुरी, इटावा, टुंडला, आगरा ईदगाह, फतेहपुर सीकरी, रूपबास, बयाना, गंगापुर सिटी, सवाई माधोपुर, कोटा, रतलाम, छायापुरी, सूरत, वापी और बोरीवली रेलवे स्टेशनों पर ठहरेगी। इस ट्रेन में एसी 2-टियर, एसी 3-टियर, स्लीपर क्लास और जनरल क्लास के डिब्बे लगाए जाएंगे।

सूबेदारगंज-वलसाड स्पेशल ट्रेन

सूबेदारगंज से वलसाड की ओर जाने वाली ट्रेन नंबर- 04177, सूबेदारगंज-वलसाड स्पेशल ट्रेन हर मंगलवार को सुबह 05.00 बजे सूबेदारगंज रेलवे स्टेशन से रवाना होगी और अगले दिन सुबह 10.10 बजे वलसाड पहुंचेगी। यह सुपरफास्ट स्पेशल ट्रेन 16 जून, 2026 से 14 जुलाई, 2026 तक चलाई जाएगी।

वापसी में, वलसाड से सूबेदारगंज जाने वाली ट्रेन संख्या- 04178, वलसाड-सूबेदारगंज स्पेशल ट्रेन हर बुधवार को दोपहर 14.45 बजे वलसाड से प्रस्थान करेगी और अगले दिन शाम 19.00 बजे सूबेदारगंज पहुंचेगी। यह गाड़ी 17 जून, 2026 से 15 जुलाई, 2026 तक संचालित की जाएगी।

सूबेदारगंज-वलसाड स्पेशल ट्रेन के ठहराव

यह ट्रेन अपने सफर के दौरान फतेहपुर, गोविंदपुरी, इटावा, टुंडला, आगरा ईदगाह, बयाना, गंगापुर सिटी, कोटा, रतलाम, छायापुरी और सूरत रेलवे स्टेशनों पर रुकेगी। इस गाड़ी में एसी 3-टियर, स्लीपर क्लास और जनरल क्लास के डिब्बे होंगे।

https://www.indiatv.in/paisa/my-profit/two-new-special-trains-to-run-from-prayagraj-to-valsad-and-mumbai-check-stoppages-and-timings-2026-06-15-1225282