कहा जाता है कि जब हुनर के साथ मेहनत और लगन जुड़ जाती है तो कामयाबी जरूर कदम चूमती है। इसी बात को सच कर दिखाया है बोकारो जिले के सेक्टर-12 स्थित गुमला नगर में रहने वालीं आदिवासी गृहिणी मोनिका लकड़ा ने। घर-परिवार की जिम्मेदारियों को संभालते हुए वह पाइप क्लीनर और क्रोशिया आर्ट के जरिए सुंदर फ्लावर पॉट्स और घर सजाने के सामान तैयार करती हैं। इन्हें ऑनलाइन और ऑफलाइन बेचकर मोनिका आत्मनिर्भरता की बेहतरीन मिसाल पेश कर रही हैं।
सात साल का अनुभव और नया प्रयोग
मोनिका बताती हैं कि वह पिछले सात सालों से क्रोशिया आर्ट का काम कर रही हैं। इस दौरान उन्होंने कई तरह की डिजाइनें बनाईं। हाल के दिनों में बाजार में बढ़ते ट्रेंड को देखते हुए उन्होंने पाइप क्लीनर आर्ट के साथ प्रयोग करना शुरू किया, जो लोगों को बेहद पसंद आया।
एक डिजाइन में कितना समय
उन्होंने पांच मिनट में बेहतरीन कलाकृति बनाना शुरू किया था। मोनिका के मुताबिक एक डिजाइन तैयार करने में उन्हें 10 से 15 मिनट का समय लगता है, जबकि वेडिंग बुके या बर्थडे बुके बनाने में एक से दो घंटे तक लग जाते हैं।
50 रुपये से शुरू होती हैं कीमतें
उनके स्टॉल पर ग्राहक महज 50 रुपये में पाइप क्लीनर या क्रोशिया आर्ट से बने खूबसूरत फूल खरीद सकते हैं, वहीं आकर्षक बुके की कीमत 300 रुपये से शुरू होती है। इसके अलावा उनके पास आइसक्रीम, फूल और दूसरी रचनात्मक डिजाइन वाली की-रिंग भी मौजूद हैं, जो बच्चों और युवाओं के बीच खासी लोकप्रिय हैं।
हर महीने 25 से 30 हजार की कमाई
उनके यहां सबसे ज्यादा मांग बुके और फूलों की रहती है। हर महीने उनके 50 से 100 उत्पाद बिक जाते हैं, जिससे उन्हें करीब 25 से 30 हजार रुपये तक की आमदनी हो जाती है। उनका स्टॉल बोकारो मॉल के सामने शाम 5:00 बजे से रात 8:00 बजे तक खुला रहता है।
दूसरी महिलाओं के लिए संदेश
ग्राहक इंस्टाग्राम आईडी जेनिथ मोनिका लकड़ा पर भी ऑर्डर दे सकते हैं। आखिर में मोनिका दूसरी महिलाओं को संदेश देती हैं कि घर पर खाली बैठने से बेहतर है कि वे अपने हुनर को पहचानें और कुछ नया शुरू करें, जिससे अपनी पहचान के साथ-साथ कामयाबी भी जरूर मिलती है।
https://hindi.news18.com/photogallery/jharkhand/bokaro-tribal-homemaker-monica-success-earning-30000-monthly-through-pipe-cleaner-crochet-art-local18-10573822.html