मध्यप्रदेश के जबलपुर शहर से एक रोंगटे खड़े कर देने वाली वारदात सामने आई है। गोरखपुर थाना क्षेत्र के राजुल डुप्लेक्स में एक युवक ने अपनी प्रेमिका को गोली मारकर उसकी जान ले ली और इसके तुरंत बाद खुद को भी गोली मार ली। गोलीबारी की इस घटना में प्रेमी और प्रेमिका दोनों की मौके पर ही मौत हो गई। सूचना मिलते ही पुलिस बल के साथ एफएसएल की टीम घटनास्थल पर पहुंची और जांच में जुट गई। मृतका की पहचान शक्ति कोहली और मृतक युवक की पहचान दीपेश राठौर के रूप में हुई है।
शादीशुदा थी मृतका
बताया जा रहा है कि मृतका शक्ति पहले से शादीशुदा थी और उसका एक बच्चा भी है। जानकारी के मुताबिक मृतक प्रेमी दीपेश आपराधिक प्रवृत्ति का था। जब शक्ति को उसके आपराधिक रिकॉर्ड की जानकारी मिली, तो उसने दीपेश से दूरी बनानी शुरू कर दी थी। शक्ति के इस कदम से दीपेश नाराज हो गया और इसी गुस्से में उसने यह आत्मघाती कदम उठा लिया, जिससे पूरे इलाके में सनसनी फैल गई। घटना के बाद जांच के लिए मौके पर पहुंचे एडिशनल एसपी को भारी जनआक्रोश का सामना करना पड़ा।
परिजनों ने पहले ही दर्ज कराई थी एफआईआर
मृतका की बहन शीतल जाटव ने एएसपी की गाड़ी का रास्ता रोककर उनका घेराव कर दिया और दोषी पुलिसकर्मियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की। परिजनों का आरोप है कि उन्होंने 10 दिन पहले ही विजय नगर थाने में दीपेश राठौर के खिलाफ रेप और जान से मारने की धमकी देने की शिकायत दर्ज कराई थी। उनका कहना है कि अगर पुलिस ने समय रहते इस शिकायत पर गंभीरता से कार्रवाई की होती, तो यह दर्दनाक हादसा टाला जा सकता था। वारदात के बाद घटनास्थल पर तनाव का माहौल बन गया।
आक्रोशित परिजनों ने कार में की तोड़फोड़
गुस्से से भरे परिजनों ने घटनास्थल पर खड़ी मृतक दीपेश राठौर की कार में जमकर तोड़फोड़ की। मृतका के जीजा शरद जाटव ने कार के कांच फोड़ दिए। जब मौके पर मौजूद पुलिसकर्मियों ने उन्हें रोकने की कोशिश की, तो परिजन पुलिस से ही उलझ पड़े। मृतका की बहन शीतल जाटव ने बताया कि उन्होंने 10 दिन पहले विजय नगर थाने में शिकायत की थी कि दीपेश जान से मारने की धमकी दे रहा है, लेकिन पुलिस हाथ पर हाथ धरे बैठी रही। उनका कहना है कि अगर समय रहते कार्रवाई होती, तो आज उनकी बहन जिंदा होती। फिलहाल पुलिस ने दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की जांच कर रही है।
https://www.indiatv.in/madhya-pradesh/japalpur-men-shot-girlfriend-than-killed-himself-died-on-the-spot-bodies-were-found-covered-in-blood-2026-06-15-1225283