एसआई भर्ती परीक्षा-2021 पेपर लीक: सरगना हर्षवर्धन मीणा का भाई पुष्पेंद्र गिरफ्तार, परीक्षा से पहले ही अभ्यर्थी को रटा दिया था सॉल्व्ड पेपर

राजस्थान एसओजी ने एसआई भर्ती परीक्षा-2021 पेपर लीक नेटवर्क के सरगना हर्षवर्धन कुमार मीणा के भाई पुष्पेंद्र कुमार मीणा को गिरफ्तार किया है। जांच में सामने आया कि उसने परीक्षा से पहले ही अभ्यर्थी बृजेश कुमार मीणा को लीक हुआ हल किया हुआ पेपर पढ़ा दिया था।

राजस्थान उपनिरीक्षक (एसआई) भर्ती परीक्षा-2021 के पेपर लीक प्रकरण में एक अहम घटनाक्रम सामने आया है। राजस्थान पुलिस की एसओजी ने इस मामले में बड़ी कार्रवाई करते हुए पेपर लीक गिरोह के सरगना हर्षवर्धन कुमार मीणा के भाई पुष्पेंद्र कुमार मीणा को धर दबोचा है। एसओजी की पड़ताल में यह बात उजागर हुई कि आरोपी पुष्पेंद्र ने परीक्षा होने से पहले ही अभ्यर्थी बृजेश कुमार मीणा को लीक हुआ हल किया हुआ प्रश्नपत्र पढ़ा दिया था।

45 लाख रुपये में तय हुआ था सौदा

अतिरिक्त महानिदेशक पुलिस (एसओजी) विशाल बंसल के अनुसार, एसओजी थाने में दर्ज प्रकरण संख्या 10/2024 की जांच के दौरान यह सामने आया कि हर्षवर्धन मीणा ने स्वरूपचंद मीणा के साथ 45 लाख रुपये में सौदा तय किया और इसके बदले उनके बेटे बृजेश कुमार मीणा को परीक्षा से पूर्व लीक हुआ पेपर मुहैया कराया। यही पेपर हर्षवर्धन के भाई पुष्पेंद्र कुमार मीणा ने अभ्यर्थी को पढ़ाया था।

लिखित में सफल, पर अंतिम चयन नहीं हो सका

जांच के मुताबिक बृजेश कुमार मीणा को हिंदी विषय में 200 में से 116.23 अंक और सामान्य ज्ञान में 200 में से 126.01 अंक मिले थे, जिसके चलते वह लिखित परीक्षा में उत्तीर्ण हो गया। हालांकि बाद में शारीरिक दक्षता परीक्षा (पीईटी) में असफल रहने के कारण उसका अंतिम चयन नहीं हो पाया। बृजेश की लिखित परीक्षा 15 सितंबर 2021 को अजमेर में आयोजित हुई थी। उसे 11 जून 2026 को गिरफ्तार किया जा चुका है, जबकि पुष्पेंद्र कुमार मीणा को 14 जून 2026 को पकड़कर अदालत में पेश किया गया। न्यायालय ने उसे 18 जून 2026 तक पुलिस रिमांड पर सौंप दिया है।

अब तक 146 आरोपी गिरफ्तार

एसओजी का कहना है कि पुष्पेंद्र कुमार मीणा इससे पहले दौसा में फायरमैन चालक के पद पर तैनात रह चुका है। उसके खिलाफ पहले भी आरईओ-आरओ भर्ती परीक्षा 2022 में जन्मतिथि में हेराफेरी कर अपने स्थान पर डमी अभ्यर्थी को बैठाकर परीक्षा दिलाने के आरोप में अजमेर के सिविल लाइंस थाने में मामला दर्ज है। इस पूरे प्रकरण में अब तक 146 आरोपियों की गिरफ्तारी हो चुकी है। एसओजी के अनुसार समूचे नेटवर्क और इससे जुड़े अन्य लोगों की भूमिका की जांच अब भी जारी है।

https://www.indiatv.in/rajasthan/rajasthan-si-recruitment-exam-2021-paper-leak-brother-of-kingpin-harshvardhan-meena-pushpendra-meena-arrested-2026-06-15-1225275