सागर के उन युवाओं के लिए अपना कारोबार खड़ा करने का बेहतरीन अवसर सामने आया है, जो कुछ नया करने का जज्बा तो रखते हैं, लेकिन जमीन और पैसों की कमी उनके रास्ते की सबसे बड़ी रुकावट बनी हुई है। ऐसे प्रतिभाशाली युवाओं को आत्मनिर्भर बनाने के लिए अब सरकार खुद आगे आकर मदद कर रही है।
एक ओर जहां बेहद कम ब्याज दर पर लाखों रुपये का ऋण देकर युवाओं को व्यापार शुरू करने में सहायता दी जा रही है, वहीं दूसरी ओर जिनके पास जमीन नहीं है, उनके लिए मिनी औद्योगिक क्षेत्र का विस्तार कर सभी सुविधाओं से युक्त प्लॉट लीज पर उपलब्ध कराए जा रहे हैं। इसका मकसद यह है कि युवा न सिर्फ अपने पैरों पर खड़े हों, बल्कि स्थानीय स्तर पर दूसरों को भी रोजगार दे सकें।
22 करोड़ की लागत से बन रहा मिनी औद्योगिक क्षेत्र
सागर-जबलपुर स्टेट हाईवे के किनारे 50 एकड़ की जमीन पर 22 करोड़ रुपये की लागत से लघु, मध्यम और कुटीर उद्योग स्थापित करने के लिए एमएसएमई योजना के अंतर्गत मिनी औद्योगिक क्षेत्र तैयार किया जा रहा है। माना जा रहा है कि यह परियोजना जिले के विकास में मील का पत्थर साबित होगी और युवाओं के लिए व्यापार के साथ-साथ रोजगार के नए दरवाजे भी खोलेगी।
आर्थिक उन्नति के दो जरूरी आधार
किसी भी जिले की आर्थिक तरक्की के लिए दो चीजों का होना बेहद अहम माना जाता है। पहला, सड़क संपर्क यानी कनेक्टिविटी का बेहतर होना और दूसरा, औद्योगिक क्षेत्र की मौजूदगी। सागर जिले में अलग-अलग स्थानों पर ऐसे ही औद्योगिक क्षेत्रों को विकसित और स्थापित करने को लेकर काम लगातार चल रहा है।
रैली में तैयार हुआ औद्योगिक क्षेत्र
सागर जिले की रैली में एमएसएमई प्रोजेक्ट के तहत 50 एकड़ जमीन पर औद्योगिक क्षेत्र विकसित किया गया है। यहां बिजली, पानी और सड़क जैसी बुनियादी सुविधाओं का इंतजाम किया गया है, साथ ही यूनिट के हिसाब से प्लॉट भी काटे जा चुके हैं, ताकि इच्छुक युवा यहां अपनी इकाई स्थापित कर सकें।
https://hindi.news18.com/news/madhya-pradesh/sagar-mini-industrial-area-golden-opportunity-for-the-youth-to-start-a-business-local18-10573065.html