ऐश्वर्या राय के हाथ से निकली थी यह सुपरहिट फिल्म, आखिरकार इस अभिनेत्री को मिला मौका

साल 2003 की एक ब्लॉकबस्टर फिल्म के लिए पहले ऐश्वर्या राय चुनी गई थीं और उन्होंने एक गाना भी शूट कर लिया था, लेकिन बाद में यह भूमिका रानी मुखर्जी को मिल गई।

यह सुनना भले ही अजीब लगे, मगर सच यही है कि किसी फिल्म से ऐश्वर्या राय को बाहर भी किया जा चुका है। जिस दौर में निर्माता-निर्देशक उनके साथ काम करने को तरसते थे, उसी समय एक प्रोजेक्ट से उन्हें हटा दिया गया और बाद में उसी फिल्म में रानी मुखर्जी ने काम किया।

कौन सी है वह फिल्म

बात साल 2003 में रिलीज हुई शाहरुख खान और रानी मुखर्जी की फिल्म 'चलते-चलते' की है। बॉक्स ऑफिस इंडिया के आंकड़ों के अनुसार, इस फिल्म का बजट करीब 11 करोड़ रुपये था, जबकि इसने 19 करोड़ 44 लाख रुपये की कमाई की।

बॉक्स ऑफिस पर मचाया धमाल

इस कमाई के साथ फिल्म सुपरहिट साबित हुई। शाहरुख खान के साथ मुख्य भूमिका में रानी मुखर्जी नजर आईं। खुद रानी ने बताया था कि इसी फिल्म की शूटिंग के दौरान वे पहली बार ग्रीस गई थीं। फिल्म की शूटिंग ग्रीस के मशहूर मिकोनोस आइलैंड और राजधानी एथेंस में हुई थी।

रानी का नया अंदाज

इस फिल्म में रानी मुखर्जी एकदम नए लुक में दिखाई दी थीं, जैसा अंदाज इससे पहले उनकी किसी फिल्म में नहीं देखा गया था। रानी के मुताबिक, मेकअप आर्टिस्ट मिकी कॉन्ट्रैक्टर ने फिल्म में उनकी आंखों को लेकर खास प्रयोग किया था।

शाहरुख ने किया था निर्माण

शाहरुख खान न सिर्फ इस फिल्म में मुख्य किरदार में थे, बल्कि उन्होंने इसे प्रोड्यूस भी किया था। यह फिल्म उन्होंने अपने बैनर रेड चिलीज एंटरटेनमेंट के तहत बनाई थी। 'चलते-चलते' के अलावा रानी मुखर्जी इसी बैनर की फिल्म 'पहेली' में भी नजर आई थीं।

पहली पसंद थीं ऐश्वर्या

बहुत कम लोग जानते हैं कि इस फिल्म के लिए सबसे पहले ऐश्वर्या राय को चुना गया था। उन्होंने इसका एक गाना भी शूट कर लिया था। निर्देशक अजीज मिर्जा ने एक इंटरव्यू में बताया था कि ऐश्वर्या के साथ 'प्रेम नगरिया की तुम भी डगरिया चलो' गाने की शूटिंग पूरी हो चुकी थी।

अचानक हुईं बाहर

इसके बाद अचानक ऐश्वर्या इस फिल्म से बाहर हो गईं। पूछे जाने पर निर्देशक ने भी यह साफ नहीं किया था कि उन्हें आखिर क्यों हटाया गया। बाद में रानी मुखर्जी फिल्म की नायिका बनीं। मीडिया में चर्चा रही थी कि सलमान खान ने सेट पर हंगामा किया था और इसी वजह से हालात बिगड़ गए, हालांकि इस बारे में कभी कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई।

कई फिल्मों से किया गया किनारा

गौरतलब है कि इस घटना के बाद ऐश्वर्या को शाहरुख खान के साथ कई फिल्मों से बाहर कर दिया गया था। खुद ऐश्वर्या ने सिमी ग्रेवाल के शो में बताया था कि बिना किसी वजह उन्हें कई फिल्मों से हटा दिया गया, जिसका उन्हें बहुत बुरा लगा था।

https://hindi.news18.com/photogallery/entertainment/bollywood-aishwarya-rai-replaced-from-5-film-due-to-salman-khan-after-rani-mukerji-shah-rukh-khan-2003-superhit-film-chalte-chalte-ws-l-10573134.html