दिल्ली के मालवीय नगर में हुए भयावह अग्निकांड में 21 लोगों की जान चली गई, और इस हादसे ने कई गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। होटल फ्लोरिश स्टे में ठहरे लोगों के लिए आग भड़कने के बाद वहां से निकल पाना लगभग नामुमकिन हो गया था। इस पूरे मंजर के गवाह और होटल के एकदम सामने रहने वाले मंसूर ने आंखोंदेखी हकीकत बयां की। उनके मुताबिक होटल का इलेक्ट्रॉनिक गेट बंद हो जाने के कारण लोग इमारत के भीतर ही कैद हो गए, जबकि चौथी मंजिल पर फंसी एक विदेशी महिला गिरने के बावजूद बच निकली। मंसूर का कहना है कि समय रहते की गई कोशिशों की बदौलत ही कई लोगों की जान बचाई जा सकी।
बिजली जाते ही ऑटोमैटिक लॉक हो गया गेट
चश्मदीद मंसूर ने हादसे की शुरुआत के बारे में विस्तार से बताया।
'मेरा घर ठीक उसके सामने ही है। सुबह करीब 8 बजे हमें नीचे आग लगने की सूचना मिली। हम बाहर निकलकर नीचे की ओर देखने लगे तो होटल के अंदर से लोगों के चीखने-चिल्लाने की आवाजें आ रही थीं, वे लगातार मदद की गुहार लगा रहे थे। इमारत के मुख्य द्वार पर एक इलेक्ट्रॉनिक गेट लगा था, जो रात के समय अपने आप लॉक हो जाता था।'
ग्राउंड फ्लोर की आग ने काट दिया निकलने का रास्ता
मंसूर ने आगे कहा, 'जैसे ही आग लगी, बिजली गुल हो गई, जिसके चलते गेट पूरी तरह बंद हो गया और किसी तरह खुल नहीं पा रहा था। इसी वजह से इमारत से बाहर आने का कोई जरिया नहीं बचा। आग ग्राउंड फ्लोर और पहली मंजिल पर लगी थी, जिसके चलते दूसरी, तीसरी और चौथी मंजिल पर मौजूद लोग बुरी तरह फंस गए। तब हमने नीचे से ईंट और पत्थर फेंके, जिससे होटल के शीशे टूट गए।'
गद्दों पर गिरकर बच गई विदेशी महिला
मंसूर ने बताया कि इसके बाद किस तरह लोगों की जान बचाने की कवायद शुरू हुई। उन्होंने कहा, 'इसके बाद 2 लोग दूसरी मंजिल से नीचे कूद गए और जख्मी हो गए। फिर हमने होटल के आसपास गद्दे बिछा दिए। इसी बीच चौथी मंजिल पर एक विदेशी महिला नजर आई, तो उसे बचाने के लिए लोगों ने सामने वाली इमारत से रस्सी डाली। महिला ने रस्सी थामने की कोशिश की, मगर वह फिसल गई और सीधे गद्दों पर आ गिरी। गनीमत रही कि उसकी जान बच गई।'
पुलिस ने दर्ज किया गैर-इरादतन हत्या का केस
उल्लेखनीय है कि दिल्ली पुलिस ने मालवीय नगर के होटल फ्लोरिश स्टे में लगी आग के इस मामले में अज्ञात लोगों के खिलाफ गैर-इरादतन हत्या का मुकदमा दर्ज कर लिया है। इस होटल में कुल तीन पार्टनर बताए जा रहे हैं, जिनके दिल्ली में कई अन्य होटल और गेस्ट हाउस भी संचालित हैं।
https://www.indiatv.in/delhi/delhi-malviya-nagar-fire-eyewitness-reveals-how-electronic-gate-trapped-residents-inside-building-2026-06-03-1222763