इस साल की शुरुआत में अरिजीत सिंह ने एक पोस्ट के जरिए प्लेबैक सिंगिंग से संन्यास का ऐलान कर अपने चाहने वालों को निराश कर दिया था। अब ऐसा प्रतीत हो रहा है कि उनके बाद मशहूर म्यूजिक कंपोजर और गायक प्रीतम भी कुछ ऐसा ही सोच रहे हैं। अपने जन्मदिन के अवसर पर प्रीतम ने जो पोस्ट साझा किया, उसे देखने के बाद सोशल मीडिया पर अटकलों का दौर शुरू हो गया है कि प्रीतम दा अब मेनस्ट्रीम म्यूजिक से ब्रेक लेने के मूड में आ चुके हैं। इस पोस्ट के सामने आते ही ज्यादातर यूजर उनसे यही सवाल कर रहे हैं कि कहीं वह भी अरिजीत सिंह की तरह प्लेबैक सिंगिंग को अलविदा कहने की तैयारी तो नहीं कर रहे।
पोस्ट में छिपा ब्रेक का इशारा
प्रीतम ने अपने जन्मदिन पर एक ब्लैक एंड व्हाइट तस्वीर पोस्ट की, जिसमें वह गहरी सोच में डूबे हुए दिखाई दे रहे हैं। इस फोटो के साथ उन्होंने एक भावुक नोट भी लिखा, जिसमें कहा कि अब वह अपनी जिंदगी को कुछ अलग अंदाज में जीना चाहते हैं। यह वैसी जिंदगी है जो उन्हें हमेशा से लुभाती रही, मगर किसी न किसी वजह से पीछे छूटती चली गई। उन्होंने जाहिर किया कि अब वह उन तमाम चीजों की ओर ध्यान देना चाहते हैं, जिन्हें वह अब तक नहीं कर पाए।
क्या लिखा प्रीतम दा ने
अपने पोस्ट में प्रीतम ने लिखा- 'आप सभी की शुभकामनाओं के लिए बहुत-बहुत शुक्रिया। मैं हर किसी को अलग-अलग जवाब नहीं दे सकता, इसलिए कृपया मेरा दिल से आभार स्वीकार करें। आज, मैंने खुद को कुछ साल ऐसे जीने का तोहफा देने का फैसला किया है जिसमें जिंदगी को अलग तरह से जिया जा सके। उन चीजों को पूरा करने के लिए जो मैं अब तक नहीं कर पाया। अब उन नए सफरों पर निकलने का समय आ गया है, जिन्हें मैंने लंबे समय से टाल रहा था। आम रास्ते पर चलना भी एक शानदार अनुभव होता है। लेकिन, मुझे हमेशा उन रास्तों के बारे में जानने को लेकर ज्यादा उत्सुकता रही है जिन पर अभी तक कोई नहीं गया है। आप सभी के प्यार और साथ के लिए धन्यवाद। हमेशा....'
क्या अरिजीत सिंह की राह पर हैं प्रीतम
इस पोस्ट को देखने के बाद प्रीतम के प्रशंसकों को यह चिंता सताने लगी है कि कहीं वह भी प्लेबैक सिंगिंग से ब्रेक तो नहीं लेने वाले। यही वजह है कि कई यूजर्स ने उनके पोस्ट पर कमेंट के जरिए सवाल पूछने शुरू कर दिए। एक यूजर ने लिखा- 'कहीं आप भी तो अरिजीत सिंह की राह पकड़ने की तैयारी नहीं कर रहे?' वहीं एक अन्य ने लिखा- 'लगता है अब प्रीतम दा भी बॉलीवुड म्यूजिक से ब्रेक लेने की तैयारी में हैं।' एक और यूजर ने सवाल किया- 'क्या प्रीतम भी बॉलीवुड म्यूजिक से रिटायरमेंट लेने का ऐलान करने वाले हैं?' इसी तरह कमेंट सेक्शन में लोग प्रीतम से तरह-तरह के सवाल कर उनके संभावित रिटायरमेंट को लेकर अपनी आशंका जता रहे हैं।
https://www.indiatv.in/entertainment/bollywood/after-arijit-singh-pritam-to-take-retirement-form-mainstreem-music-hints-in-new-post-says-time-to-set-off-on-new-journey-2026-06-15-1225224