उत्तराखंड में चल रही चार धाम यात्रा को लेकर इन दिनों हरिद्वार के होटल कारोबारियों के चेहरे पर रौनक लौट आई है। बीते कुछ महीनों के दौरान यहां के होटल व्यापारियों ने सरकार से व्यवस्थाएं दुरुस्त करने की मांग रखी थी। अब इंतजाम बेहतर होने के बाद यात्रियों का आवागमन तेज हुआ है, जिससे होटल संचालकों में खुशी का माहौल है।
चार धाम यात्रा का प्रमुख पड़ाव हरिद्वार
हरिद्वार को चार धाम यात्रा का मुख्य केंद्र माना जाता है। पुराने समय में यहां गंगा स्नान के बाद ही बद्रीनाथ, केदारनाथ, गंगोत्री और यमुनोत्री की यात्रा आरंभ की जाती थी। आज भी देश के अलग-अलग राज्यों और विदेशों से आने वाले श्रद्धालु अपनी चार धाम यात्रा की शुरुआत हरिद्वार से ही करते हैं। यहां से यात्रा के लिए ऑनलाइन और ऑफलाइन, दोनों तरह की पंजीकरण प्रक्रिया बेहद सरल और सुविधाजनक है।
सोशल मीडिया की अफवाहों से दूरी बनाए रखने की अपील
इस पूरे मामले पर जब होटल व्यापारी एवं बजट होटल एसोसिएशन के मीडिया प्रभारी अखिलेश चौहान से बातचीत की गई, तो उन्होंने बताया कि कुछ महीने पहले हरिद्वार में यात्रियों का सन्नाटा पसरा हुआ था। यात्रा शुरू होने से पहले देश में गैस आदि का संकट था, जिसे देखते हुए ऐसा लग रहा था कि इस बार यात्रा कुछ खास नहीं रहेगी। लेकिन व्यवस्थाएं सुधरने के बाद हरिद्वार के होटल यात्रियों से गुलजार हैं।
उन्होंने लोगों से अपील की कि वे सोशल मीडिया पर फैलाई जा रही अफवाहों पर ध्यान न दें।
यात्रा में किसी तरह की रुकावट नहीं
अखिलेश चौहान के अनुसार आजकल सोशल मीडिया पर केदारनाथ, बद्रीनाथ आदि में बहुत ज्यादा भीड़ होने की अफवाह फैलाई जा रही है, जो पूरी तरह गलत है। उन्होंने कहा कि इन अफवाहों पर ध्यान दिए बिना श्रद्धालु बेफिक्र होकर उत्तराखंड में चार धाम यात्रा कर सकते हैं। बीते तीन-चार दिन से यात्रा बहुत अच्छी चल रही है और कहीं भी अत्यधिक भीड़ नहीं है।
उन्होंने बताया कि उनके होटल में केदारनाथ से 20 श्रद्धालु यात्रा कर लौटे हैं, जिनका कहना है कि वहां ज्यादा भीड़ नहीं है और यात्रा सुचारू रूप से चल रही है। लौटकर आए यात्रियों के मुताबिक इस समय दर्शन भी बहुत अच्छे ढंग से हो रहे हैं।
यात्रा को आसान बनाने की कोशिश
अखिलेश चौहान ने देश के विभिन्न राज्यों से उत्तराखंड चार धाम यात्रा पर आने वाले श्रद्धालुओं से अपील करते हुए कहा कि यात्रा के लिए हरिद्वार में ऑफलाइन रजिस्ट्रेशन महज 10 मिनट में आसानी से हो जाता है। उन्होंने कहा कि श्रद्धालुओं की यात्रा सुगम और सरल बने, इसके लिए सरकार लगातार प्रयास कर रही है।
अंत में उन्होंने श्रद्धालुओं से यात्रा पर आने का आग्रह किया और कहा कि इस समय मौसम भी यात्रा के अनुकूल है और दर्शन भी बेहतर ढंग से हो रहे हैं।
https://hindi.news18.com/news/uttarakhand/haridwar-char-dham-yatra-2026-hotel-owners-smiles-to-government-enhances-facilities-local18-10572571.html