उत्तर प्रदेश के बाराबंकी जिले से एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है, जहां इंडियन ओवरसीज बैंक के तत्कालीन मैनेजर पर एक उपभोक्ता को फोन पर धमकाने का आरोप लगा है। इस बातचीत का ऑडियो भी सामने आया है, जिसमें तत्कालीन मैनेजर विराट कौशिक कथित तौर पर उपभोक्ता को गोली मारकर जान से मार देने की धमकी देते सुनाई दे रहे हैं। साथ ही उन्होंने यह भी कहा कि वह मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के गांव के रहने वाले हैं और शासन-प्रशासन उनका कुछ नहीं बिगाड़ सकता।
क्या है पूरा मामला
यह घटना बाराबंकी जिले के देवा कोतवाली क्षेत्र से जुड़ी हुई है। थाना देवा के ग्राम बिशुनपुर निवासी सुनील कुमार, पुत्र रूप नारायण, बिशुनपुर में शिवा पैलेस एंड मैरिज लॉन का निर्माण करा रहे हैं। इसके लिए उन्होंने देवा स्थित इंडियन ओवरसीज बैंक से 15 लाख रुपए का लोन लिया था। उस समय यह लोन तत्कालीन बैंक मैनेजर विराट कौशिक ने ही पास किया था। पीड़ित का कहना है कि वह समय पर बैंक की किस्त अदा कर रहे थे।
फोन पर मिली धमकी
पीड़ित के अनुसार, बीते 2 जून को रात करीब 9.39 मिनट पर देवा के इंडियन ओवरसीज बैंक के तत्कालीन मैनेजर विराट कौशिक, जो फिलहाल लखनऊ की चिनहट ब्रांच में तैनात हैं, ने उन्हें फोन कर पैसा जमा करने को कहा। पीड़ित ने जब बताया कि उनकी किस्त समय पर जा रही है, तो मैनेजर ने कहा कि 27000 रुपए तत्काल जमा करने होंगे, अन्यथा उन्हें गोली मारकर हत्या कर दी जाएगी।
आरोप है कि इसी दौरान विराट कौशिक ने कहा कि वह मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के गांव के रहने वाले हैं और मुख्यमंत्री का उनके घर आना-जाना है, इसलिए शासन-प्रशासन उनका कुछ नहीं बिगाड़ सकता। पीड़ित बार-बार किस्त जमा करने की बात कहते रहे, लेकिन मैनेजर मुख्यमंत्री का रौब दिखाते हुए लगातार जान से मारने की धमकी देता रहा।
पीड़ित ने पुलिस से लगाई न्याय की गुहार
पीड़ित का कहना है कि बैंक मैनेजर ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को बदनाम करने की नीयत से उन्हें धमकाया, जबकि वह समय पर लोन की किस्त चुका रहे हैं। उनके पास इस धमकी का ऑडियो भी मौजूद है। इसी आधार पर पीड़ित ने बाराबंकी के पुलिस अधीक्षक अर्पित विजयवर्गीय से शिकायत कर न्याय की मांग की है।
पीड़ित ने सवाल उठाया है कि जब विराट कौशिक अब देवा ब्रांच में तैनात ही नहीं हैं, तो उन्होंने बिना किसी वजह के उन्हें क्यों धमकाया, जबकि वह नियमित रूप से अपनी किस्त अदा कर रहे हैं। पीड़ित के अनुसार, पुलिस अधीक्षक अर्पित विजयवर्गीय ने उन्हें आश्वासन दिया है कि पूरे मामले की जांच क्षेत्राधिकारी से कराई जाएगी और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
https://hindi.news18.com/news/uttar-pradesh/barabanki-i-am-from-cm-yogi-village-bank-manager-threatens-loan-applicant-local18-10536386.html