हरियाणाः जर्मनी से डिपोर्ट होते ही लूटपाट पर उतरा विशाल, पुलिस मुठभेड़ में टांग में लगी गोली, साथी समेत गिरफ्तार

कुरुक्षेत्र के पिहोवा के मुर्तजापुर गांव के पास सोमवार सुबह पुलिस और दो बदमाशों के बीच मुठभेड़ हुई, जिसमें जर्मनी से करीब 10 से 12 दिन पहले डिपोर्ट हुआ विशाल टांग में गोली लगने से घायल हो गया। उसे साथी लविश समेत गिरफ्तार कर लिया गया है।

हरियाणा के कुरुक्षेत्र में सोमवार सुबह पुलिस और दो बदमाशों के बीच पिहोवा के मुर्तजापुर गांव के पास मुठभेड़ हो गई। इस दौरान एक बदमाश की टांग में गोली लगी, वहीं आरोपियों की ओर से पुलिस की गाड़ी पर भी फायरिंग की गई। मुठभेड़ के बाद दोनों आरोपियों को दबोच लिया गया। घायल आरोपी का इलाज कुरुक्षेत्र के एलएनजेपी अस्पताल में चल रहा है, जबकि दूसरे आरोपी को पुलिस ने हिरासत में ले लिया है।

लूट के बाद से थी तलाश

मिली जानकारी के अनुसार विशाल और लविश नाम के दोनों बदमाश पिहोवा कस्बे में घूम रहे थे। कुरुक्षेत्र पुलिस इनकी तलाश में जुटी थी, क्योंकि इन्होंने 12 तारीख को पिहोवा के अरुणाए मंदिर के पास एक गाड़ी की लूट की थी और मौके से फरार हो गए थे। इसके बाद से ही पुलिस टीम इन्हें पकड़ने के लिए अलग-अलग जगहों पर दबिश दे रही थी।

कैसे हुई मुठभेड़

गुप्त सूचना के आधार पर कुरुक्षेत्र सीआईए-2 की टीम दोनों को पकड़ने के लिए मुर्तजापुर गांव के पास पहुंची, लेकिन बदमाशों ने पुलिस पर फायर कर दिया। इसमें एक राउंड फायर पुलिस की गाड़ी पर लगा, जबकि एक गोली एक पुलिसकर्मी के कान के पास से निकल गई। पुलिस की जवाबी कार्रवाई में एक गोली विशाल की टांग में जा लगी। दोनों ओर से दो-दो राउंड फायर हुए, जिसके बाद आरोपियों को काबू कर लिया गया।

जर्मनी से डिपोर्ट होकर लौटा था आरोपी

जिस बदमाश की टांग में गोली लगी है, उसकी पहचान कुरुक्षेत्र के बीड़ अमीन गांव के विशाल के रूप में हुई है। विशाल करीब 10 से 12 दिन पहले ही जर्मनी से डिपोर्ट होकर भारत पहुंचा था और लौटते ही लूट जैसी वारदात को अंजाम देने लगा। हैरान करने वाली बात यह है कि विदेश से डिपोर्ट होने के बाद वह अपने घर तक नहीं गया था। दूसरे आरोपी का नाम लविश है, जो कैथल के किठाना गांव का रहने वाला है।

अस्पताल में चल रहा इलाज

एलएनजेपी अस्पताल कुरुक्षेत्र के डॉक्टर उपेंद्र ने बताया कि उनके पास गनशॉट इंजरी का एक मामला आया है, जिसमें टांग पर एक गोली लगी हुई है। उन्होंने बताया कि घायल का इलाज जारी है और वह खतरे से बाहर है। वहीं, इस मामले में अभी तक पुलिस की ओर से कोई आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है।

https://hindi.news18.com/news/haryana/kurukshetra-encounter-in-kurukshetra-deported-criminal-vishal-from-germany-arrested-local18-ws-l-10571447.html