देवघर की पहचान भले ही बाबा बैद्यनाथ धाम से होती हो, लेकिन इस शहर का खानपान भी किसी परिचय का मोहताज नहीं है। यहां ऐसे कई ठिकाने हैं जिनका स्वाद लोगों को बार-बार खींच लाता है। सुबह से लेकर देर रात तक इन जगहों पर अच्छी-खासी भीड़ जुटती है। स्थानीय लोगों के साथ-साथ बाहर से आने वाले श्रद्धालु भी यहां के स्वाद का आनंद लेना नहीं भूलते। अगर आप देवघर घूमने आए हैं और असली जायके से रूबरू होना चाहते हैं तो इन मशहूर ठिकानों पर जरूर पहुंचें।
दुःखिया बाबा लेन का 2 रुपये वाला छोटा समोसा
सबसे पहले बात दुःखिया बाबा लेन की, जहां मिलने वाला छोटा समोसा लोगों के बीच बेहद लोकप्रिय है। महज 2 रुपये में मिलने वाला यह समोसा अपने स्वाद और कुरकुरेपन के लिए जाना जाता है। आकार में छोटा होने के बावजूद इसका स्वाद कमाल का होता है। सुबह और शाम के समय यहां खरीदारों की लंबी कतार लग जाती है। कई लोग एक-दो नहीं, बल्कि दर्जनों समोसे खरीदकर घर तक ले जाते हैं। देवघर आने वाले पर्यटक भी इस अनोखे समोसे को चखे बिना नहीं रहते।
पेड़ा गली की पुरानी मिठास
देवघर का जिक्र हो और पेड़े की चर्चा न हो, ऐसा मुमकिन ही नहीं। शहर की मशहूर पेड़ा गली आज भी अपनी पुरानी पहचान बनाए हुए है। यहां की दुकानों पर दिनभर ग्राहकों की भीड़ रहती है। खोए और दूध से तैयार होने वाला यह पेड़ा स्वाद में इतना लाजवाब है कि लोग इसे प्रसाद के साथ-साथ उपहार के रूप में भी ले जाते हैं। सावन और त्योहारों के दौरान तो यहां ग्राहकों की संख्या कई गुना बढ़ जाती है। देवघर के पेड़े की मिठास देश के कई राज्यों तक मशहूर है।
बनारसी चाट हाउस की चटपटी चाट
अगर आपको चाट का शौक है तो बनारसी चाट हाउस आपके लिए बेहतरीन ठिकाना साबित हो सकता है। यह दुकान आजाद चौक से आगे स्थित है। यहां की आलू चाट, टिक्की, गोलगप्पा और दही चाट लोगों को खूब भाती है। शाम होते ही खाने वालों की भीड़ जुटने लगती है। चटपटे मसालों और खास स्वाद की वजह से यह जगह युवाओं के बीच खासी लोकप्रिय है। कई लोग तो पूजा के बाद सबसे पहले यहीं की चाट का स्वाद लेने पहुंचते हैं, क्योंकि यह मंदिर से सिर्फ 700 मीटर की दूरी पर है।
पराठा गली, जहां पराठा तौलकर बनता है
पराठा प्रेमियों के लिए देवघर की पराठा गली किसी जन्नत से कम नहीं है। यहां आपको आलू, पनीर, गोभी और मिक्स वेज समेत कई तरह के पराठे मिल जाएंगे। मक्खन और चटनी के साथ परोसे जाने वाले ये पराठे लोगों को खूब पसंद आते हैं। सुबह के नाश्ते से लेकर रात के खाने तक यहां अच्छी भीड़ रहती है। परिवार और दोस्तों के साथ लोग यहां बैठकर स्वादिष्ट पराठों का लुत्फ उठाते हैं।
सबसे खास बात यह है कि यहां पराठा तौलकर बनाया जाता है, वह भी ग्राहक के स्वाद के अनुसार घी, रिफाइन या सरसों तेल वगैरह के साथ। यह बैद्यनाथ मंदिर से 500 मीटर की दूरी पर स्थित है। यहां पराठे की शुरुआत 60 रुपये से होती है।
अनिल पंडा की गुलाब जामुन और केसर रबड़ी
मिठाई के शौकीनों के लिए गुलाब जामुन और केसर रबड़ी का स्वाद भी देवघर की खास पहचान बन चुका है। कई दुकानों पर गर्मागर्म गुलाब जामुन और गाढ़ी केसर रबड़ी का आनंद लेने के लिए भीड़ लगी रहती है। खासकर मंदिर के पूरब दरवाजे के पास स्थित अनिल पंडा की दुकान पर। नरम गुलाब जामुन और खुशबूदार रबड़ी का मेल लोगों को खूब भाता है। खासकर रात के समय मिठाई प्रेमी इन दुकानों पर बड़ी संख्या में पहुंचते हैं। बाहर से आने वाले श्रद्धालु भी इसका स्वाद चखकर तारीफ किए बिना नहीं रहते।
बिग बाजार: एक ही जगह तरह-तरह का स्ट्रीट फूड
अगर आप एक ही जगह कई तरह के स्ट्रीट फूड का मजा लेना चाहते हैं तो बिग बाजार क्षेत्र सबसे बेहतर विकल्प साबित हो सकता है। यहां शाम होते ही स्ट्रीट फूड की दर्जनों दुकानें सज जाती हैं। मोमोज, चाउमीन, रोल, चाट, भेलपुरी, पाव भाजी और कई तरह के फास्ट फूड यहां आसानी से मिल जाते हैं। युवाओं और परिवारों के बीच यह इलाका काफी लोकप्रिय है। देवघर की फूड कल्चर को करीब से जानना है तो बिग बाजार का यह इलाका जरूर घूमें, जहां हर स्वाद के शौकीन के लिए कुछ न कुछ खास मौजूद है।
https://hindi.news18.com/photogallery/lifestyle/recipe-famous-street-food-near-baba-temple-paratha-samosa-rabadi-local18-ws-l-10572045.html