100 ग्राम मखाने में कितना पोषण? जानें क्यों इसे सेहत का सुपरफूड कहा जाता है

मखाने के छोटे-छोटे सफेद दाने प्रोटीन, फाइबर और कई मिनरल से भरपूर होते हैं। जानिए 100 ग्राम मखाने में कितने पोषक तत्व मिलते हैं और इसे सुपरफूड क्यों माना जाता है।

कमल के बीज यानी मखाने के सफेद और नन्हे दाने सेहत के लिए बेहद फायदेमंद माने जाते हैं। इन्हें खाने से न सिर्फ गलत स्नैकिंग की आदत पर लगाम लगती है, बल्कि शरीर को ताकत भी मिलती है। भुने हुए मखाने शरीर में पोषक तत्वों की कमी दूर करने में मदद करते हैं। अगर आप 1 कप सूखे कमल के बीज खाते हैं तो इससे अच्छी मात्रा में प्रोटीन, पोटेशियम और फास्फोरस जैसे जरूरी तत्व मिलते हैं। वजन घटाने में भी मखाना असरदार साबित होता है, क्योंकि इसमें भरपूर फाइबर और एंटीऑक्सीडेंट पाए जाते हैं। आइए जानते हैं कि 100 ग्राम मखाने में कौन-कौन से पोषक तत्व होते हैं और इसे सुपरफूड क्यों कहा जाता है।

100 ग्राम मखाने में मौजूद पोषक तत्व

डाइटिशियन स्वाति सिंह के अनुसार, करीब 100 ग्राम मखाना खाने से शरीर को 9.7g प्रोटीन, 76.9g कार्बोहाइड्रेट, 14.5g फाइबर, 60 मिग्रा कैल्शियम, 67 मिग्रा मैग्नीशियम, 500 मिग्रा पोटैशियम, 188 मिग्रा फॉस्फोरस और 347-356 कैलोरी मिलती है। यानी मखाना खाने से शरीर के लिए जरूरी लगभग सभी पोषक तत्व और ढेर सारे मिनरल एक साथ मिल जाते हैं।

आखिर मखाने को सुपरफूड क्यों कहते हैं?

पोषण का खजाना

मखाना पोषक तत्वों से भरपूर होता है और इसमें फैट की मात्रा बेहद कम होती है। इसमें कार्बोहाइड्रेट काफी अधिक होता है, जिसकी वजह से यह एक शानदार स्नैक का काम करता है। मखाना खाने के बाद शरीर हल्का महसूस करता है और भरपूर ऊर्जा भी मिलती है।

प्रोटीन और कैल्शियम से भरपूर

मखाना खाने से शरीर को अच्छी मात्रा में प्रोटीन और कैल्शियम मिलता है, जो हड्डियों को मजबूत बनाए रखने में मदद करता है। इसमें लाइसिन जैसे जरूरी अमीनो एसिड भी होते हैं, जो मांसपेशियों की मरम्मत में सहायक माने जाते हैं।

चयापचय को बेहतर बनाए

मखाना खाने से सूजन के लक्षणों को काफी हद तक कम किया जा सकता है और चयापचय से जुड़ी दूसरी समस्याओं से भी बचाव संभव है। इसमें केम्फेरोल और फ्लेवोनोइड जैसे कंपाउंड होते हैं, जो सूजन घटाने और ऑक्सीडेटिव स्ट्रेस से लड़ने में मदद करते हैं।

ब्लड शुगर को नियंत्रित रखे

मखाना डायबिटीज के मरीजों के लिए फायदेमंद होता है। यह शुगर को धीरे-धीरे तोड़ता है, जिससे एनर्जी स्थिर बनी रहती है और शुगर तेजी से नहीं बढ़ता। इसके सेवन से दिल और हड्डियां मजबूत होती हैं, मांसपेशियों का काम बेहतर होता है और अच्छी नींद आने में भी मदद मिलती है।

https://www.indiatv.in/lifestyle/features/what-nutrients-are-found-in-100-grams-of-makhana-know-why-it-is-considered-a-superfood-for-health-2026-06-15-1225117