नोएडा एयरपोर्ट के लिए यूपी के 8 जिलों से सीधी बस सेवा आज से शुरू, आगरा-मथुरा-अलीगढ़ समेत कई शहर जुड़े

नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट तक पहुंच को आसान बनाने के लिए आज से उत्तर प्रदेश के आठ जिलों से सीधी रोडवेज बस सेवा की शुरुआत हो गई है। हरियाणा, दिल्ली और उत्तराखंड से भी कनेक्टिविटी बढ़ाने की तैयारी चल रही है।

नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट के परिचालन शुरू होते ही यात्रियों को बड़ी राहत मिल गई है। अब उत्तर प्रदेश के कई बड़े शहरों से जेवर स्थित इस एयरपोर्ट तक पहुंचना पहले के मुकाबले काफी आसान हो जाएगा। यात्रियों की सहूलियत को ध्यान में रखते हुए आज से प्रदेश के आठ जिलों से एयरपोर्ट के लिए सीधी बस सेवा का संचालन शुरू कर दिया गया है। इस पहल से यात्रियों का समय और खर्च, दोनों की बचत होगी।

उत्तर प्रदेश रोडवेज की बसें आगरा, फिरोजाबाद, हाथरस, मथुरा, अलीगढ़, एटा, कासगंज और लखनऊ से सीधे नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट तक चलेंगी। यमुना इंटरनेशनल एयरपोर्ट लिमिटेड ने यात्रियों को बेहतर कनेक्टिविटी उपलब्ध कराने के मकसद से कई परिवहन एजेंसियों के साथ समझौते किए हैं, ताकि एयरपोर्ट तक आवाजाही और सुगम हो सके।

हरियाणा और दिल्ली से भी सुधरेगी कनेक्टिविटी

हरियाणा रोडवेज की बसें पलवल, फरीदाबाद, गुरुग्राम और चंडीगढ़ से यात्रियों को एयरपोर्ट तक लेकर आएंगी। इसके साथ ही दिल्ली के सराय काले खां, आनंद विहार और कश्मीरी गेट से भी जल्द ही सीधी बस सेवाएं चलाई जाएंगी, जिनके लिए समय-सारिणी जारी कर दी गई है। इसके अलावा उत्तराखंड के देहरादून, ऋषिकेश, हरिद्वार और हल्द्वानी से भी बस सेवा शुरू करने की तैयारी की जा रही है।

नमो भारत और मेट्रो से मिलेगा नया विकल्प

आने वाले समय में नोएडा एयरपोर्ट तक पहुंचना और भी आसान होने वाला है। गाजियाबाद से नोएडा एयरपोर्ट तक नमो भारत और मेट्रो परियोजना प्रस्तावित है। करीब 72 किलोमीटर लंबे इस कॉरिडोर पर 22 स्टेशन बनाए जाएंगे। इसकी डीपीआर केंद्र सरकार को भेजी जा चुकी है। वहीं गुरुग्राम को भी एयरपोर्ट से जोड़ने की योजना पर काम चल रहा है, जिसका सीधा लाभ दिल्ली-एनसीआर के लाखों लोगों को मिलेगा।

रेलवे से भी जुड़ेगा एयरपोर्ट

भारतीय रेलवे चोला-रुंधी रेल लाइन परियोजना पर काम कर रही है। एयरपोर्ट के नजदीक एक नया रेलवे स्टेशन तैयार किया जाएगा। इसके माध्यम से यात्री वंदे भारत, राजधानी और शताब्दी जैसी ट्रेनों से सीधे देश के अलग-अलग हिस्सों तक यात्रा कर सकेंगे।

देश का सबसे बड़ा ट्रांसपोर्ट हब भी बनेगा

ग्रेटर नोएडा के बोड़ाकी गांव में देश का सबसे बड़ा मल्टी-मोडल ट्रांसपोर्ट हब विकसित किया जा रहा है। इसके जरिए हवाई, रेल और सड़क परिवहन को एक ही नेटवर्क में जोड़ने में मदद मिलेगी।

https://www.indiatv.in/paisa/business/direct-bus-services-to-noida-airport-from-8-uttar-pradesh-districts-including-agra-mathura-and-aligarh-start-today-2026-06-15-1225120