फीफा वर्ल्ड कप 2026: जर्मनी ने कुराकाओ को 7-1 से रौंदा, ब्राजील को पीछे छोड़ रचा नया कीर्तिमान

फीफा वर्ल्ड कप 2026 के अपने पहले मुकाबले में जर्मनी ने डेब्यू कर रही कुराकाओ को 7-1 से हराया और 239 गोल के साथ वर्ल्ड कप इतिहास में सबसे ज्यादा गोल करने वाली टीम बन गई।

फीफा वर्ल्ड कप 2026 में जर्मनी ने अपने अभियान का आगाज जोरदार जीत के साथ किया। ग्रुप ई के मुकाबले में पहली बार वर्ल्ड कप खेल रही कुराकाओ की टीम को जर्मनी ने 7-1 के बड़े अंतर से शिकस्त दी। इस नतीजे ने जर्मन टीम को न सिर्फ तीन अहम अंक दिलाए, बल्कि वर्ल्ड कप के एक बड़े रिकॉर्ड का मालिक भी बना दिया, जो अब तक ब्राजील के पास था। शुरुआती मिनटों से ही जर्मनी पूरी तरह हावी रहा और उसने अपना वही आक्रामक खेल पेश किया, जिसकी बदौलत उसे दुनिया की सबसे कामयाब फुटबॉल टीमों में गिना जाता है।

खास बात यह रही कि जर्मनी ने एक बार फिर 7-1 का स्कोर दर्ज किया, जिससे 2014 वर्ल्ड कप सेमीफाइनल की यादें ताजा हो गईं। उस मुकाबले में भी जर्मनी ने ब्राजील को इसी अंतर यानी 7-1 से हराकर इतिहास रचा था।

जर्मनी ने अपने नाम किया ऐतिहासिक रिकॉर्ड

कुराकाओ के खिलाफ सात गोल दागते ही जर्मनी फीफा वर्ल्ड कप इतिहास में सर्वाधिक गोल करने वाली टीम बन गई। अब वर्ल्ड कप में जर्मनी के कुल गोलों की संख्या 239 हो गई है, जबकि ब्राजील 238 गोल के साथ दूसरे पायदान पर खिसक गया है। अब जर्मन टीम की निगाहें वर्ल्ड कप में 250 गोल का आंकड़ा छूने पर टिकी हैं।

वर्ल्ड कप में सबसे ज्यादा गोल करने वाली टीमें

  • जर्मनी – 239
  • ब्राजील – 238
  • अर्जेंटीना – 152

इतना ही नहीं, यह चौथा अवसर है जब जर्मनी ने किसी एक वर्ल्ड कप मैच में 7 या उससे ज्यादा गोल किए हैं। इससे पहले यह उपलब्धि हंगरी के नाम दर्ज थी, जिसने तीन बार ऐसा कमाल किया था।

वर्ल्ड कप में जर्मनी के 7 या उससे ज्यादा गोल वाले मुकाबले

  • 1954 - तुर्की के खिलाफ 7-2
  • 2002 - सऊदी अरब के खिलाफ 8-0
  • 2014 - ब्राजील के खिलाफ 7-1
  • 2026 - कुराकाओ के खिलाफ 7-1

मुकाबले में क्या-क्या हुआ

जर्मनी ने मैच की शुरुआत बेहद तेज तेवर के साथ की। छठे मिनट में फेलिक्स नेमेचा ने शानदार गोल कर टीम को बढ़त दिला दी। हालांकि 21वें मिनट में कुराकाओ ने बराबरी का गोल दागकर सबको हैरान कर दिया। तेज काउंटर अटैक के दौरान लिवानो कोमेंसिया का शॉट डिफ्लेक्ट होकर मैनुअल नॉयर को चकमा देता हुआ गोल में समा गया। यह कुराकाओ के इतिहास का पहला फीफा वर्ल्ड कप गोल भी रहा।

इसके बाद जर्मनी ने मुकाबले पर पूरी पकड़ बना ली। 38वें मिनट में निको श्लॉटरबेक ने कॉर्नर पर बेहतरीन हेडर से टीम को दोबारा आगे कर दिया। हाफ टाइम से ठीक पहले काई हैवर्ट्ज ने पेनल्टी को गोल में तब्दील कर स्कोर 3-1 कर दिया। दूसरे हाफ की शुरुआत के महज 69 सेकेंड बाद ही जमाल मुसियाला ने गोल कर मुकाबला लगभग एकतरफा कर दिया। इसके बाद नाथानियल ब्राउन, डेनिज उंडाव और काई हैवर्ट्ज ने गोलों का सिलसिला जारी रखा और जर्मनी ने 7-1 की ऐतिहासिक जीत अपने नाम कर ली।

https://www.indiatv.in/sports/other-sports/germany-creates-history-as-they-rout-curacao-and-now-the-all-time-top-scorers-at-the-fifa-world-cup-moving-ahead-of-brazil-by-one-goal-2026-06-15-1225112