बासी चावल को न करें बर्बाद, इनसे बनाएं लाजवाब गुड़ की खीर, एक बार खाएंगे तो बार-बार मांगेंगे

रात के बचे हुए चावल से बिना चीनी, सिर्फ गुड़ के साथ तैयार होने वाली स्वादिष्ट खीर की आसान रेसिपी, जिसका स्वाद गन्ने की रस वाली खीर जैसा लगेगा।

अक्सर रात के खाने के बाद थोड़े-बहुत चावल बच ही जाते हैं और समझ नहीं आता कि इन बासी चावल का करें तो क्या करें। ऐसे में इन्हें फेंकने के बजाय आप इनसे बेहद स्वादिष्ट खीर बना सकते हैं। रात या दोपहर के बचे हुए चावल से बनी यह खीर जब ठंडी होकर परोसी जाती है तो खाने वाला उंगलियां चाटता रह जाता है। खास बात यह है कि इसमें चीनी की जगह गुड़ का इस्तेमाल किया जाता है। गुड़ डालकर पकाने पर इस खीर का स्वाद बिल्कुल गन्ने की रस वाली खीर जैसा लगता है। बच्चों से लेकर बड़ों तक, सभी को इसका स्वाद बहुत भाएगा। तो देर किस बात की, आइए जान लेते हैं बासी चावल की गुड़ वाली खीर बनाने का तरीका।

रात के बचे चावल की गुड़ खीर बनाने की विधि

पहला चरण

सबसे पहले 2 कटोरी रात वाले चावल लें। ध्यान रखें कि चावल अच्छी तरह पके और नरम हों। अगर चावल थोड़े कड़े महसूस हों तो एक पैन में 1 बड़ा कप पानी डालकर गर्म करें और फिर इस गर्म पानी में चावल डालकर कुछ देर नरम होने तक पका लें।

दूसरा चरण

अब एक कड़ाही में दूध डालें और इसे लगातार चलाते हुए गाढ़ा होने दें। जब चावल पूरी तरह गल जाएं तो इन्हें हल्का-सा मैश कर लें और उबलते हुए दूध में मिला दें। चावल और दूध को तब तक पकाएं जब तक दोनों आपस में अच्छी तरह घुल न जाएं। जैसे ही चावल और दूध एकसार हो जाएं, इसमें गुड़ का पाउडर, जिसे शक्कर कहते हैं, मिला दें।

तीसरा चरण

अगर आपके पास शक्कर नहीं है तो गुड़ को तोड़कर खीर में मिलाएं और इसे चलाते रहें। गुड़ डालते समय कुछ देर के लिए गैस बंद कर दें, क्योंकि कई बार उबलते हुए गर्म दूध में गुड़ डालने से खीर फट जाती है। एक बार गुड़ खीर में अच्छी तरह मिल जाए तो इसे थोड़ी देर और पका लें। अगर खीर के फटने का डर हो तो गुड़ डालकर खीर को बिना पकाए भी इस्तेमाल किया जा सकता है।

चौथा चरण

चूंकि अब तक चावल और दूध अच्छी तरह गाढ़े हो चुके होते हैं, इसलिए खीर को ज्यादा पकाने की जरूरत नहीं है। अंत में अपनी पसंद के मेवे डालें और खीर को ठंडा होने के लिए फ्रिज में रख दें। जब खीर पूरी तरह ठंडी हो जाए तो इसे परोसें। यकीन मानिए, इसका स्वाद आपको बेहद पसंद आएगा।

https://www.indiatv.in/lifestyle/recipes/how-to-make-jaggery-kheer-recipe-with-leftover-rice-from-night-it-tastes-so-delicious-2026-06-15-1225125