आयुर्वेद में स्वस्थ और निरोगी शरीर पाने का सबसे बड़ा सूत्र यही माना गया है कि व्यक्ति सुबह जल्दी उठे और रात को समय पर सो जाए। अगर इस दौरान आपको गहरी और अच्छी नींद मिल जाए तो शरीर कई बीमारियों से दूर रह सकता है। यही वजह है कि आज भी दादी-नानी बच्चों को सुबह जल्दी उठने की सीख देती हैं। लेकिन बीते कुछ समय से लोगों ने देर रात सोना और देर से जागना अपनी दिनचर्या का हिस्सा बना लिया है, जिससे अनजाने में ही शरीर में बीमारियां पनपने लगी हैं। इसका असर सिर्फ नींद पर नहीं पड़ता, बल्कि पूरे शरीर का तंत्र गड़बड़ा जाता है। आइए जानते हैं कि सुबह जल्दी उठने और रात में जल्दी सोने से कौन-कौन से फायदे मिलते हैं।
मानसिक ताजगी का अहसास
सुबह जल्दी जागना और रात में जल्दी सोना प्रकृति का नियम है, जो इंसान से लेकर हर जीव-जंतु पर लागू होता है। मगर मनुष्य ने इस नियम के साथ छेड़छाड़ कर ली है, जिसके कारण वह पूरे दिन चिड़चिड़ा महसूस करता है, खुद को ज्यादा थका हुआ पाता है और मन में उमंग की कमी रहती है। जल्दी सोना और जागना केवल नींद से ही नहीं जुड़ा है, बल्कि आप कब सोते और कब उठते हैं, यह आध्यात्मिकता का भी अहम पहलू है। इससे मन में हल्केपन और भरपूर ऊर्जा का अनुभव होता है, और समय पर सोने व जल्दी उठने के बाद आप खुद को कहीं अधिक तरोताजा महसूस करते हैं।
मन को मिलता है शांति और स्थिरता
जब आप दिनभर के विचारों, बातों और कामों को समेटकर समय पर सो जाते हैं, तो मन सशक्त बनता है। इस नियम को अपनाने से मन अधिक शांत और स्थिर रहता है। जो लोग सुबह जल्दी उठते हैं, उनके पास हर काम के लिए पर्याप्त समय होता है। ऐसे लोग जल्दबाजी में नहीं रहते और हर काम समय पर निपटाने के कारण उनका मन कहीं ज्यादा शांत और संतुलित बना रहता है।
शुद्ध हवा और सूरज की रोशनी
सुबह जल्दी उठने पर आप ताजी हवा में टहलने के लिए समय निकाल पाते हैं। थोड़ी देर योग या वॉक करने से दिन की शुरुआत बेहतर होती है और सुबह की ताजगी भरी ऊर्जा का अनुभव होता है। इस दौरान आप प्रकृति की स्वच्छ हवा और सुबह की गुनगुनी धूप का आनंद ले पाते हैं। एक अच्छी नींद के बाद जल्दी उठने पर व्यक्ति खुद को शांत और अधिक ऊर्जावान महसूस करता है।
दिमाग बनता है मजबूत
आमतौर पर देखा गया है कि जब आप जल्दी सोते और जल्दी उठते हैं और इसे अपनी आदत बना लेते हैं, तो शरीर की सभी प्रणालियां बेहतर तरीके से काम करने लगती हैं। ऐसे लोगों का दिमाग अधिक स्वस्थ और सक्रिय अवस्था में रहता है, जिससे व्यक्ति खुद को सकारात्मक महसूस करता है और अपने मनचाहे लक्ष्य हासिल कर पाता है।
नींद की गुणवत्ता में सुधार
सुबह जल्दी उठने से रात में जल्दी नींद आ जाती है, जिससे नींद की गुणवत्ता बेहतर होती है। ऐसे लोगों को बिना सपनों वाली गहरी और शांतिपूर्ण नींद आती है। वहीं देर से सोना मन और शरीर की घड़ी को बिगाड़ देता है, जिसका शरीर पर नकारात्मक असर पड़ता है। जिन्हें रातभर सपने आते रहते हैं, वे ज्यादा थकान महसूस करते हैं और उनके मन में नकारात्मक विचार भी अधिक आते हैं।
https://www.indiatv.in/lifestyle/features/what-are-the-benefits-of-waking-up-early-in-the-morning-and-selling-early-at-night-2026-06-15-1225137