खान सर पर ज्ञानबिंदु संचालक रौशन आनंद का पलटवार, बोले- न कोई गोली चली, हमें बर्बाद करने की साजिश

पटना के मुसल्लहपुर हाट कोचिंग हब विवाद में ज्ञानबिंदु कोचिंग के संचालक रौशन आनंद ने खान सर पर संस्थान को बदनाम करने का आरोप लगाया है और कहा है कि घटना के दौरान कोई गोलीबारी नहीं हुई।

राजधानी पटना के मुसल्लहपुर हाट स्थित कोचिंग हब में हुए विवाद के बाद आरोप-प्रत्यारोप का सिलसिला तेज हो गया है। खान ग्लोबल स्टडीज और ज्ञानबिंदु कोचिंग के बीच उपजे इस टकराव में अब ज्ञानबिंदु के संचालक रौशन आनंद ने खुलकर अपना पक्ष रखा है। उन्होंने खान सर पर गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि पूरे प्रकरण में उनके संस्थान को बदनाम और बर्बाद करने की साजिश रची जा रही है।

रौशन आनंद ने स्पष्ट शब्दों में कहा कि घटना के दौरान किसी भी प्रकार की गोलीबारी नहीं हुई। उनका दावा है कि पुलिस की शुरुआती जांच में भी फायरिंग की कोई पुष्टि नहीं हुई है। ऐसे में गोली चलने की बात पूरी तरह बेबुनियाद है और इसके जरिए छात्रों के बीच भ्रम फैलाने की कोशिश की गई है।

'संस्थान को बदनाम करने की कोशिश'

ज्ञानबिंदु के संचालक ने कहा कि उनका संस्थान वर्षों से प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी करा रहा है और लगातार बेहतर परिणाम दे रहा है। उन्होंने बताया कि बिहार पुलिस भर्ती परीक्षा समेत कई प्रतियोगी परीक्षाओं में ज्ञानबिंदु के छात्रों का प्रदर्शन उम्दा रहा है, जिससे कुछ लोग असहज महसूस कर रहे हैं।

रौशन आनंद ने आरोप लगाया कि खान सर और उनकी टीम ज्ञानबिंदु की छवि को नुकसान पहुंचाने का प्रयास कर रही है। उन्होंने कहा कि छात्रों के बीच की स्वस्थ प्रतिस्पर्धा को विवाद का रूप देना गलत है और इससे शिक्षा का माहौल प्रभावित हो रहा है।

पुलिस जांच पर टिकी निगाहें

इस पूरे मामले की जांच फिलहाल पटना पुलिस कर रही है। पुलिस अब तक पत्थरबाजी, तोड़फोड़ और मारपीट की घटना को स्वीकार कर चुकी है, लेकिन फायरिंग को लेकर अब तक कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई है। पुलिस सीसीटीवी फुटेज और अन्य साक्ष्यों के आधार पर मामले की पड़ताल में जुटी है।

दोनों कोचिंग संस्थानों के बीच बढ़ते इस विवाद ने पटना के चर्चित कोचिंग हब मुसल्लहपुर हाट का माहौल गरमा दिया है। अब सभी की नजरें पुलिस की जांच और आगे की कार्रवाई पर टिकी हुई हैं।

https://hindi.news18.com/news/bihar/patna-khan-sir-gyanbindu-director-roshan-anand-big-allegation-against-khan-sir-news-local18-ws-l-10536514.html