हिमाचल के भवारना में पनीर में ज्यादा नमक पर भड़का विवाद, कैफे में चली गोलियां, पिस्तौल तानकर दो युवकों से मारपीट

हिमाचल प्रदेश के कांगड़ा जिले के पालमपुर के भवारना में पनीर में अधिक नमक की शिकायत पर हुए विवाद ने हिंसक रूप ले लिया। कैफे में फायरिंग होने से भगदड़ मच गई और पुलिस ने पिस्तौल बरामद कर जांच शुरू कर दी है।

पनीर में नमक थोड़ा ज्यादा क्या हुआ, मामला इतना बढ़ा कि बात गोलियों तक जा पहुंची और एक कैफे में फायरिंग कर दी गई। यह घटना हिमाचल प्रदेश के कांगड़ा जिले के पालमपुर की है, जहां विवाद के बाद हुई गोलीबारी से अफरा-तफरी का माहौल बन गया। पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और जांच में जुटी हुई है।

कहां और कब हुई घटना

जानकारी के अनुसार यह मामला पालमपुर के भवारना का है। यहां मनसिंबल पंचायत में स्थित एक कैफे में शनिवार रात विवाद के बाद गोलियां चलीं। फायरिंग के दौरान कैफे में अफरा-तफरी मच गई और लोग जान बचाने के लिए बाहर की ओर भागने लगे।

नमक की शिकायत से शुरू हुआ बवाल

बताया जा रहा है कि पूरे विवाद की जड़ पनीर में जरूरत से ज्यादा नमक होना था। दो युवकों ने पनीर में अधिक नमक होने की शिकायत कैफे के मालिक पदम देव से की। इसी बात पर तीनों के बीच हाथापाई हो गई और आरोप है कि मालिक ने युवक को थप्पड़ मार दिया।

इसके बाद विवाद और भड़क गया। आरोप है कि कैफे मालिक का एक रिश्तेदार पिस्तौल लेकर मौके पर पहुंचा और फायरिंग कर दी। गोलियों की आवाज सुनते ही वहां भगदड़ मच गई।

बंधक बनाने और मारपीट के आरोप

आरोपों के मुताबिक पिस्तौल दिखाकर लोगों को जबरन रोके रखा गया और पिस्तौल तानकर कैफे मालिक, उसके रिश्तेदार समेत तीन लोग मारपीट करते रहे। इसी दौरान युवक को छुड़ाने पहुंचे एक अन्य व्यक्ति को भी बंधक बना लिया गया।

पुलिस की कार्रवाई

घटना की सूचना मिलते ही जिला परिषद सदस्य संजीव सैनी ने पुलिस को जानकारी दी, जिसके बाद भवारना पुलिस मौके पर पहुंची। बाद में दोनों पक्षों को थाने ले जाया गया और घायलों का मेडिकल कराया गया। यह भी बताया जा रहा है कि सबूत मिटाने के मकसद से होटल की सीसीटीवी फुटेज डिलीट कर दी गई।

कांगड़ा के एएएसपी बीर बहादुर ने मीडिया को बताया कि पिस्तौल बरामद कर ली गई है और उसका लाइसेंस एक्सपायर हो चुका है। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है।

https://hindi.news18.com/news/himachal-pradesh/dharamsala-so-much-salt-in-paneer-dish-led-to-dispute-at-palampur-cafe-firing-creates-panic-local18-ws-l-10570962.html