खान सर कोचिंग विवाद से जुड़े मामले में एक बड़ी जानकारी सामने आई है। इस केस में गिरफ्तार किए गए ज्ञान बिंदु कोचिंग के संचालक रौशन आनंद को अदालत से जमानत मिल गई है। उन्हें खान ग्लोबल स्टडीज एकेडमी पर फायरिंग के मामले में 3 जून को कदमकुआं पुलिस ने हिरासत में लिया था। पूरे 12 दिन बीतने के बाद अब वह जेल से बाहर आएंगे। उल्लेखनीय है कि इसी फायरिंग केस में खान सर को पहले ही अग्रिम जमानत मिल चुकी है।
दूसरी ओर रौशन आनंद के परिवार पर मुसीबतों का पहाड़ टूटा है। उनके भाई प्रिंस की रविवार को नेपाल में संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। उनका अंतिम संस्कार आज किया जाएगा।
कैसे शुरू हुआ पूरा विवाद
इस घटना की शुरुआत 2 जून की रात पटना के कदमकुआं इलाके में हुई थी। उस रात खान ग्लोबल स्टडीज और ज्ञान बिंदु कोचिंग से जुड़े लोगों के बीच टकराव हो गया था। आरोप है कि खान सर के कोचिंग सेंटर के बाहर तोड़फोड़ और मारपीट हुई। इस दौरान वहां लगे पोस्टर और बैनर भी फाड़ दिए गए।
घटना के बाद मामले ने और गंभीर रूप ले लिया। खान ग्लोबल स्टडीज की ओर से आरोप लगाया गया कि ज्ञान बिंदु से जुड़े लोगों ने हमला किया। इसी शिकायत के आधार पर पुलिस ने केस दर्ज किया, जिसमें ज्ञान बिंदु के निदेशक रौशन आनंद और उनके भाई प्रिंस यादव समेत कई लोगों को आरोपी बनाया गया।
12 दिन बाद जेल से रिहाई
पुलिस जांच के बाद 3 जून को रौशन आनंद को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया था। तब से वह पटना के बेउर जेल में बंद थे। उनकी जमानत याचिका पर सुनवाई बार-बार टलती रही और इससे पहले दो बार अदालत में सुनवाई नहीं हो सकी थी। कोर्ट ने केस डायरी तलब की थी और पुलिस से रिपोर्ट भी मांगी थी।
इसी मामले में खान ग्लोबल स्टडीज के निदेशक फैजल खान उर्फ खान सर का नाम भी सुर्खियों में आया। घटना के दौरान फायरिंग का वीडियो सामने आने के बाद पुलिस ने खान सर और उनके सुरक्षा गार्डों के खिलाफ भी मामला दर्ज किया। पुलिस ने इसमें हत्या के प्रयास और आर्म्स एक्ट की धाराएं लगाई थीं। हालांकि खान सर ने अदालत का रुख किया और उन्हें अग्रिम जमानत याचिका पर राहत मिल गई।
भाई प्रिंस यादव की संदिग्ध मौत
मामले ने नया मोड़ तब लिया जब फायरिंग से जुड़े कुछ वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुए। इन वीडियो में गोली चलने की आवाजें सुनाई देने का दावा किया गया, जिसके बाद दोनों पक्षों के बीच आरोप-प्रत्यारोप और तेज हो गए।
इसी दौरान एक और चौंकाने वाली खबर सामने आई। रौशन आनंद के भाई प्रिंस यादव की नेपाल के विराटनगर स्थित एक होटल में संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। बताया जा रहा है कि प्रिंस यादव भी इस मामले में नामजद आरोपी थे और एफआईआर दर्ज होने के बाद से फरार चल रहे थे। नेपाल पुलिस ने इस मामले की जांच शुरू कर दी है।
https://hindi.news18.com/news/bihar/patna-gyan-bindu-director-raushan-anand-sir-gets-bail-arrested-in-khan-sir-coaching-firing-case-local18-10571133.html