दौसा जिले के सिकराय इलाके में बीती रात आए भीषण आंधी और अंधड़ ने भारी तबाही मचा दी। तेज हवाओं के झोंकों ने जनजीवन को बुरी तरह झकझोर कर रख दिया और क्षेत्र में बड़े पैमाने पर नुकसान की खबरें सामने आ रही हैं। हवा की रफ्तार इतनी प्रचंड थी कि कई स्थानों पर बिजली के खंभे और पेड़ जड़ से उखड़ गए।
150 से अधिक बिजली पोल गिरे, रातभर रहा अंधेरा
मिली जानकारी के मुताबिक, सिकराय क्षेत्र में अंधड़ की चपेट में आकर 150 से अधिक बिजली के पोल धराशायी हो गए। खंभों के गिरने के साथ ही बड़ी संख्या में ट्रांसफार्मर भी जमीन पर आ गिरे, जिससे पूरा विद्युत ढांचा चरमरा गया। इस तबाही के चलते क्षेत्र के कई गांव रातभर अंधेरे में डूबे रहे और बिजली आपूर्ति पूरी तरह ठप रही।
हालात पर काबू पाने और आपूर्ति दोबारा शुरू करने के लिए विद्युत विभाग की टीमें पूरी रात युद्धस्तर पर मरम्मत कार्य में जुटी रहीं।
हाईवे पर पेड़ गिरने से हादसा, पांच लोग घायल
आंधी का सबसे भयावह असर नेशनल हाईवे 21 पर देखने को मिला। पीलोडी गांव के समीप हाईवे पर एक विशाल पेड़ अचानक गिर पड़ा, जिससे यातायात पूरी तरह थम गया और लंबा जाम लग गया। इसी जाम में एक मैक्स और एक बोलेरो गाड़ी खड़ी थी, तभी सिकंदरा की ओर से बेकाबू होकर आ रही एक टैरेक्स गाड़ी ने खड़ी इन गाड़ियों को जोरदार टक्कर मार दी।
मानपुर थाना क्षेत्र में हुए इस दर्दनाक हादसे में सृष्टि चौधरी (4 वर्ष), शीला देवी (63 वर्ष), सिद्धार्थ (25 वर्ष), गोविंद सिंह (60 वर्ष) और सुनीता देवी (65 वर्ष) गंभीर रूप से घायल हो गए। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि तीनों गाड़ियां बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गईं। प्रशासन ने मौके पर पहुंचकर राहत कार्य शुरू किया और रात में ही हाईवे से पेड़ हटवाकर यातायात सुचारू करवाया।
टीन-टप्पर उड़े, मवेशी हुए घायल
आंधी का कहर केवल सड़कों तक सीमित नहीं रहा, बल्कि रिहायशी इलाकों में भी इसने भारी नुकसान पहुंचाया। तेज हवाओं के कारण कई घरों के टीन-टप्पर उड़ गए और जगह-जगह पेड़ गिरने से रास्ते बाधित हुए। पांचोली गांव में मवेशियों का बाड़ा ढहने से कई मवेशियों के घायल होने की सूचना है।
प्रशासन अब भी नुकसान का आकलन करने में जुटा है। स्थानीय लोगों का कहना है कि इतनी विनाशकारी आंधी उन्होंने लंबे समय से नहीं देखी थी। फिलहाल स्थिति पर लगातार नजर रखी जा रही है और प्रभावित परिवारों को हरसंभव मदद का भरोसा दिलाया गया है।
https://hindi.news18.com/news/rajasthan/dausa-storm-wreaks-havoc-in-sikrai-electricity-poles-toppled-nh21-power-cut-dausa-barish-weather-10570899.html