राजस्थान में 70 किमी प्रति घंटे की तूफानी हवाएं, बिहार तक बिगड़ेगा मौसम, IMD का 17 राज्यों में अलर्ट

मौसम विभाग ने देश के 17 राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों में आंधी, बिजली और भारी बारिश का अलर्ट जारी किया है। राजस्थान में जहां 70 किमी प्रति घंटे की रफ्तार वाली तेज आंधी का खतरा है, वहीं बिहार से लेकर पूर्वोत्तर तक भारी बारिश की चेतावनी दी गई है।

देश के कई हिस्सों में आज मौसम तेवर दिखाने को तैयार है। भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने 17 राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों में आंधी, आकाशीय बिजली और भारी वर्षा का अलर्ट जारी किया है। एक ओर बिहार, झारखंड, पश्चिम बंगाल और पूर्वोत्तर के राज्यों में जोरदार बारिश की आशंका है, तो दूसरी ओर राजस्थान, उत्तर प्रदेश, दिल्ली, हरियाणा और पंजाब में तेज आंधी के साथ गरज-चमक वाली बारिश हो सकती है। इसके उलट महाराष्ट्र के विदर्भ और मराठवाड़ा इलाकों में लू का असर बना रह सकता है।

जून का आधा महीना बीतने को है, फिर भी देश के कई इलाकों में मानसून अब तक रफ्तार नहीं पकड़ सका है। पूर्वी और पूर्वोत्तर भारत में जहां बादल जमकर बरसने को तैयार हैं, वहीं उत्तर-पश्चिम भारत के कई हिस्सों में आंधी, धूल भरी हवाएं और चढ़ता पारा लोगों की परेशानी बढ़ा सकता है।

मौसम विभाग का कहना है कि आने वाले कुछ दिनों में मानसून महाराष्ट्र, तेलंगाना, आंध्र प्रदेश, ओडिशा, झारखंड और बिहार के शेष भागों में आगे बढ़ सकता है, जिससे कई राज्यों को गर्मी से राहत मिलने की उम्मीद है। हालांकि उत्तर-पश्चिम भारत में मानसून की चाल अब भी सुस्त है और यहां लोगों को गर्मी तथा उमस दोनों का सामना करना पड़ सकता है।

पूर्वोत्तर और पूर्वी भारत में भारी बारिश का दौर

मौसम विभाग के अनुसार पूर्वोत्तर भारत में सबसे ज्यादा बारिश का सिलसिला जारी रहने का अनुमान है। अरुणाचल प्रदेश, असम, मेघालय, नगालैंड, मणिपुर, मिजोरम और त्रिपुरा में भारी बारिश की संभावना है। अरुणाचल प्रदेश तथा असम-मेघालय के कुछ हिस्सों में बहुत भारी बारिश भी हो सकती है, जिससे निचले इलाकों में जलभराव और भूस्खलन का खतरा बढ़ सकता है।

पूर्वी भारत में बिहार, झारखंड, ओडिशा और पश्चिम बंगाल में बारिश और गरज-चमक का दौर बना रहेगा। बिहार और झारखंड के कई इलाकों में बिजली गिरने तथा 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की आशंका है। ओडिशा में भी गरज-चमक के साथ बारिश और 50 से 60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार वाली हवाओं का अलर्ट है। पश्चिम बंगाल के उप-हिमालयी क्षेत्रों में भारी बारिश की चेतावनी दी गई है।

मध्य भारत में सक्रिय रहेगा मौसम

मध्य भारत में छत्तीसगढ़, मध्य प्रदेश और विदर्भ क्षेत्र में मौसम सक्रिय रहेगा। यहां कई जगहों पर गरज-चमक के साथ बारिश हो सकती है। पश्चिमी और पूर्वी मध्य प्रदेश में तेज आंधी के साथ 50 से 60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार वाली हवाएं चलने की संभावना है। छत्तीसगढ़ और विदर्भ में भी बारिश के साथ बिजली गिरने का खतरा बना रहेगा।

राजस्थान में 70 किमी प्रति घंटे की तूफानी हवाएं

राजस्थान में मौसम सबसे ज्यादा उग्र रूप ले सकता है। मौसम विभाग ने पूर्वी और पश्चिमी राजस्थान में थंडरस्क्वॉल यानी तेज आंधी का अलर्ट जारी किया है। यहां 60 से 70 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चल सकती हैं, जिनके झोंके 80 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंच सकते हैं। पश्चिमी राजस्थान के कुछ इलाकों में धूल भरी आंधी की भी आशंका जताई गई है। ऐसे में लोगों को खुले स्थानों पर जाने से बचने की सलाह दी गई है।

महाराष्ट्र में दोहरा रूप, विदर्भ-मराठवाड़ा में लू

महाराष्ट्र में मौसम का दोहरा रंग देखने को मिलेगा। एक तरफ कोंकण और गोवा के कुछ हिस्सों में उमस भरा मौसम बना रहेगा, वहीं दूसरी तरफ विदर्भ और मराठवाड़ा में हीटवेव का असर जारी रह सकता है। मौसम विभाग ने मराठवाड़ा और विदर्भ के अलग-अलग इलाकों में लू चलने का अलर्ट दिया है। मध्य महाराष्ट्र में गरज-चमक और तेज हवाओं के साथ हल्की बारिश हो सकती है।

दक्षिण भारत में बढ़ रही मानसून की सक्रियता

दक्षिण भारत में केरल, कर्नाटक, तमिलनाडु, तेलंगाना और आंध्र प्रदेश के कई हिस्सों में बारिश का सिलसिला जारी रहेगा। केरल और तटीय कर्नाटक में व्यापक वर्षा की संभावना है। तमिलनाडु और पुडुचेरी में गरज-चमक के साथ बारिश का अनुमान है, जबकि तेलंगाना और रायलसीमा में तेज हवाओं के साथ बारिश हो सकती है। दक्षिणी राज्यों में मानसून की सक्रियता लगातार बढ़ रही है।

दिल्ली में बादल, 60 किमी प्रति घंटे तक हवाएं

राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में 15 जून को आसमान आंशिक रूप से बादलों से घिरा रहेगा। मौसम विभाग के अनुसार दोपहर या शाम के समय बहुत हल्की से हल्की बारिश हो सकती है। साथ ही गरज-चमक और 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं, जिनके झोंके 60 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंच सकते हैं।

हालांकि बारिश की संभावना के बावजूद दिल्लीवासियों को गर्मी से तुरंत राहत मिलने के आसार कम हैं। मौसम विभाग का अनुमान है कि अगले सात दिनों में अधिकतम तापमान में 4 से 6 डिग्री सेल्सियस तक की बढ़ोतरी हो सकती है। न्यूनतम तापमान भी 3 से 5 डिग्री तक चढ़ सकता है, जिससे उमस और गर्मी दोनों बढ़ेंगी।

यूपी में आंधी और उत्तराखंड में बारिश के आसार

उत्तर प्रदेश में मौसम का मिजाज अलग-अलग क्षेत्रों में भिन्न रहेगा। पश्चिमी उत्तर प्रदेश में गरज-चमक के साथ हल्की बारिश और तेज हवाओं की संभावना है, जबकि पूर्वी उत्तर प्रदेश के कुछ हिस्सों में आंधी और तेज हवाओं का असर दिख सकता है। मौसम विभाग ने 50 से 60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार वाली हवाओं का अलर्ट जारी किया है।

उत्तराखंड में अगले 24 घंटे मौसम काफी उथल-पुथल भरा रहेगा। पर्वतीय जिलों में हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है और कई स्थानों पर गरज-चमक तथा बिजली गिरने की भी आशंका है। चारधाम यात्रा मार्गों पर जाने वाले यात्रियों को सतर्क रहने की सलाह दी गई है, क्योंकि पहाड़ी इलाकों में भूस्खलन और सड़कें बाधित होने का खतरा बना हुआ है।

बिहार-झारखंड में मजबूत होता मानसून

बिहार में मानसूनी गतिविधियां धीरे-धीरे मजबूत होती दिख रही हैं। राज्य के कई हिस्सों में बादल छाए रहेंगे और गरज-चमक के साथ बारिश हो सकती है। कुछ इलाकों में तेज हवाएं भी चल सकती हैं। मौसम विभाग ने बिजली गिरने के खतरे को देखते हुए लोगों को सावधानी बरतने की सलाह दी है।

झारखंड में भी मौसम का मिजाज बदला रहेगा। राज्य के अधिकांश हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश की संभावना है। गरज-चमक के साथ 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चल सकती हैं। मानसून की आगे बढ़ती गतिविधियों के चलते आने वाले दिनों में राज्य में बारिश की तीव्रता और बढ़ सकती है।

मानसून पर ताजा अपडेट

दक्षिण-पश्चिम मानसून धीरे-धीरे आगे बढ़ रहा है। अगले 4-5 दिनों में इसके महाराष्ट्र, कर्नाटक के शेष हिस्सों, तेलंगाना, आंध्र प्रदेश, पश्चिम बंगाल, झारखंड, बिहार और ओडिशा के और इलाकों तक पहुंचने की संभावना है। अरुणाचल प्रदेश, असम, मेघालय, नगालैंड, मणिपुर, मिजोरम, त्रिपुरा और उप-हिमालयी पश्चिम बंगाल-सिक्किम में भारी से बहुत भारी बारिश की चेतावनी जारी की गई है।

मछुआरों के लिए चेतावनी

मौसम विभाग ने 14 से 19 जून के बीच ओमान तट, अरब सागर, अंडमान सागर, ओडिशा तट, श्रीलंका तट और बंगाल की खाड़ी के कई हिस्सों में मछुआरों को समुद्र में न जाने की सलाह दी है।

https://hindi.news18.com/news/nation/aaj-ka-mausam-live-70kmph-storm-in-rajasthan-monsoon-rain-in-bihar-jharkhand-west-bengal-imd-today-weather-alert-local18-10570803.html