देश में दक्षिण-पश्चिम मानसून के लगातार आगे बढ़ने के साथ ही अलग-अलग राज्यों में बारिश की गतिविधियां तेज होने लगी हैं। उत्तर-पश्चिम भारत के ज्यादातर हिस्सों में पिछले दिनों पड़ रही भीषण गर्मी से अब राहत मिलने के संकेत दिख रहे हैं। मौसम विभाग (आईएमडी) के अनुसार 15 जून यानी आज पश्चिमी उत्तर प्रदेश में बादल छाए रहने की संभावना है। कई इलाकों में तेज हवाओं और गरज के साथ हल्की बारिश हो सकती है।
पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव से उत्तर-पश्चिम भारत में तापमान सामान्य से नीचे बने रहने की उम्मीद है, जिससे लोगों को गर्मी से बड़ी राहत मिलेगी।
वाराणसी और गोरखपुर समेत कई जिलों में ऑरेंज अलर्ट
क्षेत्रीय मौसम विज्ञान केंद्र के मुताबिक 14 जून से प्रदेश में बारिश और आंधी की गतिविधियां धीरे-धीरे कम होने लगेंगी। अगले कुछ दिनों तक किसी बड़े मौसम अलर्ट की आशंका नहीं जताई गई है। विभाग का कहना है कि फिलहाल जो ठंडक महसूस की जा रही है, वह एक-दो दिन में समाप्त हो सकती है।
आईएमडी के अनुसार कुशीनगर, सिद्धार्थनगर, महाराजगंज, गोरखपुर, संतकबीरनगर, देवरिया, मऊ, बलिया, गाजीपुर, चंदौली, वाराणसी, मिर्जापुर और सोनभद्र में तेज आंधी तथा गरज-चमक के साथ भारी बारिश को लेकर ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है।
नोएडा, गाजियाबाद और आगरा में येलो अलर्ट
इसके अलावा सहारनपुर, शामली, मुजफ्फरनगर, बागपत, मेरठ, गाजियाबाद, हापुड़, गौतमबुद्धनगर, बुलंदशहर, अलीगढ़, मथुरा, महामायानगर, आगरा, फिरोजाबाद, इटावा, जालौन, झांसी, ललितपुर और महोबा में आंधी-तूफान तथा बारिश को लेकर येलो अलर्ट जारी किया गया है।
बिहार, झारखंड और मध्य प्रदेश में कैसा रहेगा मौसम
मध्य भारत की बात करें तो मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़ और विदर्भ क्षेत्र में सोमवार को बारिश और गरज-चमक की गतिविधियां बढ़ने की संभावना है। पूर्वी और पश्चिमी मध्य प्रदेश में कहीं-कहीं तेज हवाओं के साथ आंधी और बारिश हो सकती है। छत्तीसगढ़ में भी कई स्थानों पर अच्छी वर्षा दर्ज होने का अनुमान जताया गया है।
पूर्वी और पूर्वोत्तर भारत में मानसूनी गतिविधि और अधिक सक्रिय रहने के आसार हैं। बिहार, झारखंड, पश्चिम बंगाल, सिक्किम और ओडिशा के कई हिस्सों में मध्यम से भारी वर्षा हो सकती है। वहीं असम, मेघालय, अरुणाचल प्रदेश, नागालैंड, मणिपुर, मिजोरम और त्रिपुरा में भी व्यापक वर्षा का सिलसिला जारी रहने की संभावना है।
https://hindi.news18.com/news/uttar-pradesh/lucknow-up-rain-thunderstorm-alert-imd-noida-ghaziabad-agra-varanasi-gorakhpur-heavy-rain-up-monsoon-update-aaj-ka-mausam-live-local18-10570767.html