तीसरे दिन भी सुस्त रही 'भारत भाग्य विधाता', रविवार के बावजूद उम्मीद से कम रही कमाई

कंगना रनौत की 'भारत भाग्य विधाता' को बॉक्स ऑफिस पर पहले रविवार का फायदा नहीं मिला और तीसरे दिन फिल्म ने सिर्फ 1.58 करोड़ की कमाई की। तीन दिनों में फिल्म का कुल कलेक्शन 4.25 करोड़ तक पहुंचा है।

कंगना रनौत की नई फिल्म 'भारत भाग्य विधाता' को बॉक्स ऑफिस पर मनचाही सफलता नहीं मिल पा रही है। रिलीज के दूसरे दिन कमाई में अच्छा उछाल जरूर आया था, मगर पहले रविवार को फिल्म उस गति को कायम नहीं रख सकी। 12 जून को परदे पर आई मनोज तापड़िया की इस फिल्म में 26/11 के आतंकी हमले की घटनाओं को उन हेल्थकेयर वर्कर्स की नजर से दिखाया गया है, जिन्होंने मरीजों की जान बचाने के लिए अपनी जान को खतरे में डाल दिया था। कंगना इस फिल्म में मुख्य भूमिका निभाने के साथ-साथ मणिकर्णिका फिल्म्स बैनर के तहत इसकी को-प्रोड्यूसर भी हैं।

तीसरे दिन कितनी रही 'भारत भाग्य विधाता' की कमाई

इंडस्ट्री ट्रैकर सैकनिल्क के आंकड़ों के मुताबिक 'भारत भाग्य विधाता' ने सिनेमाघरों में अपने तीसरे दिन करीब 1.58 करोड़ की कमाई की। इसके साथ ही देश में फिल्म का कुल नेट कलेक्शन 4.25 करोड़ पर पहुंच गया है और खबर लिखे जाने तक यही आंकड़ा दर्ज है। रविवार के नतीजे बताते हैं कि कमाई में कोई बड़ा इजाफा नहीं हुआ। दूसरे दिन जहां फिल्म के 1,956 शो चले थे, वहीं तीसरे दिन यह संख्या घटकर 794 रह गई। कुल ऑक्यूपेंसी भी लगभग 14% रही, जो एक दिन पहले की 17% ऑक्यूपेंसी के मुकाबले कम है।

पहले रविवार को नहीं चढ़ा कमाई का ग्राफ

शुक्रवार को फिल्म ने 1 करोड़ की साधारण शुरुआत की थी, जिसके बाद शनिवार को इसकी कमाई में अच्छी तेजी देखने को मिली। दूसरे दिन कलेक्शन में करीब 45% की बढ़ोतरी हुई और फिल्म ने 1.45 करोड़ रुपये बटोरे। दिलचस्प बात यह रही कि मेकर्स ने पूरे देश में 'बाय वन गेट वन' टिकट ऑफर भी शुरू किया था, लेकिन इसका कोई बड़ा असर नहीं दिखा। नतीजतन फिल्म रविवार तक अपनी रफ्तार को बरकरार नहीं रख पाई।

दिल्ली और हरियाणा में टैक्स-फ्री हुई फिल्म

बॉक्स ऑफिस पर संघर्ष कर रही 'भारत भाग्य विधाता' को दिल्ली और हरियाणा, दोनों जगह टैक्स-फ्री घोषित किया गया है। हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने चंडीगढ़ में फिल्म की एक विशेष स्क्रीनिंग के बाद यह ऐलान किया, जिसमें कंगना रनौत भी मौजूद रहीं। इसी तरह दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने भी फिल्म को टैक्स-फ्री किए जाने की घोषणा की थी।

https://www.indiatv.in/entertainment/bollywood/bharat-bhhagya-viddhaata-box-office-collection-day-3-kangana-ranaut-starrer-collects-4-25-crore-on-sunday-2026-06-14-1225109