हरियाणा के झज्जर का डीघल गांव, जो ब्याज पर पैसे देने वाले फाइनेंसरों के गांव के रूप में पहचाना जाता है, एक बार फिर गोलीकांड से दहल उठा। देर रात हमलावर एक घर में घुसे और कमरे में सो रहे 52 वर्षीय दिव्यांग जितेन्द्र पर ताबड़तोड़ गोलियां बरसाकर उनकी हत्या कर दी। वारदात के बाद से पूरे गांव में दहशत का माहौल बना हुआ है।
साहिल हत्याकांड की रंजिश से जुड़े तार
प्रारंभिक जांच में इस हत्याकांड के तार चर्चित फाइनेंसर साहिल उर्फ सोनू की हत्या से जुड़े हुए बताए जा रहे हैं। मृतक के परिजनों का आरोप है कि साहिल की हत्या का बदला लेने के लिए अब उनके परिवार के दूसरे सदस्यों को निशाना बनाया जा रहा है। उल्लेखनीय है कि साहिल हत्याकांड के सिलसिले में गांव के योगेश उर्फ योगी और संदीप उर्फ लीला पहले से जेल में बंद हैं।
सीसीटीवी में कैद हुई वारदात
घटना से जुड़ी सीसीटीवी फुटेज भी सामने आई है, जिसमें कुछ बदमाश गोलियां चलाते हुए नजर आ रहे हैं। पुलिस इसी फुटेज के आधार पर हमलावरों की पहचान करने में जुटी है।
परिजनों ने लगाए गंभीर आरोप
हत्या के बाद मृतक के भाई सोमबीर और जेल में बंद संदीप उर्फ लीला के पिता मीडिया के सामने आए। दोनों ने सीधे तौर पर साहिल के परिवार पर हत्या की साजिश रचने का आरोप लगाया। उनका कहना है कि इस वारदात में साहिल के परिवार के पुरुषों के साथ-साथ महिलाओं की भी अहम भूमिका रही है।
परिजनों ने दावा किया कि आरोपी पहले उनके परिवार की रेकी करते हैं और फिर सुनियोजित तरीके से वारदात को अंजाम देते हैं। उन्होंने बताया कि परिवार ने पहले भी पुलिस को इस तरह की अनहोनी की आशंका जताई थी, लेकिन पर्याप्त सुरक्षा मुहैया नहीं कराई गई। परिवार ने अपनी जान को खतरा बताते हुए सभी सदस्यों को सुरक्षा देने की मांग की है।
परिजनों ने यह भी आरोप लगाया कि साहिल के चचेरे भाई अमन उर्फ बंटी ने अपने साथियों के साथ मिलकर इस वारदात को अंजाम दिया। उन्होंने पुलिस से सभी आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी की मांग की है।
22 लाख रुपये के लेन-देन का दावा
साहिल की हत्या के आरोप में जेल में बंद संदीप उर्फ लीला के पिता का कहना है कि साहिल ने उनके बेटे के 22 लाख रुपये हड़प लिए थे और इसी वजह से साहिल की हत्या हुई थी।
एक हत्या का बदला दूसरी हत्या से
डीघल गांव में लगातार सामने आ रही खूनी रंजिश ने कई सवाल खड़े कर दिए हैं। पहले साहिल उर्फ सोनू की हत्या हुई और अब उसके बदले में जितेन्द्र की जान ले ली गई। गांव में चर्चा है कि आपसी दुश्मनी और बदले की आग में एक के बाद एक परिवार तबाह होते जा रहे हैं।
पुलिस ने दर्ज किया हत्या का मुकदमा
हत्या के बाद पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर झज्जर के नागरिक अस्पताल में पोस्टमार्टम कराया। मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए पुलिस अधिकारी फिलहाल खुलकर कुछ भी कहने से बच रहे हैं। पुलिस का कहना है कि विभिन्न पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच की जा रही है और आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार दबिश दी जा रही है।
पुलिस ने मृतक के भाई सोमबीर की शिकायत पर अमन उर्फ बंटी और उसके साथियों के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज कर लिया है। आरोपियों की तलाश में दबिश दी जा रही है। वारदात के बाद गांव में बढ़े तनाव को देखते हुए पुलिस सतर्क है और पूरे घटनाक्रम की गहराई से जांच कर रही है।
https://hindi.news18.com/news/haryana/jhajjar-disabled-man-shot-dead-in-deighal-village-connection-to-sahil-case-local18-ws-l-10536299.html