'सिर्फ बचत से काम नहीं चलेगा', वैश्विक अनिश्चितता पर हेली शाह की राय, इस खास तरीके से संभालती हैं पैसा

ओटीटी शो 'गुल्लक 5' से चर्चा में आईं अभिनेत्री हेली शाह ने दुनिया भर की आर्थिक उठापटक के बीच सही बचत और समझदारी भरे निवेश को जरूरी बताया है। उन्होंने अपने पिता से सीखे मनी मैनेजमेंट के अनुभव और टीवी से ओटीटी तक के सफर पर भी बात की।

'गुल्लक' के पांचवें सीजन में अपने दमदार अभिनय से दर्शकों के बीच लोकप्रिय हो रहीं अभिनेत्री हेली शाह ने मौजूदा दौर में पैसों की बचत और सही निवेश को लेकर बेहद काम की बात साझा की है। दुनिया भर में बढ़ते तनाव और आर्थिक उतार-चढ़ाव के बीच उन्होंने लोगों को सलाह दी कि अपनी मेहनत की कमाई को महफूज रखने के लिए फाइनेंशियल प्लानिंग बहुत जरूरी है।

बचत के साथ सही निवेश भी जरूरी

हेली ने कहा कि हमारे देश में बचपन से ही 'गुल्लक' और बचत का एक भावनात्मक रिश्ता रहा है, लेकिन आज के समय में केवल पैसे बचा लेना ही पर्याप्त नहीं है। उनके मुताबिक इसके लिए सही जानकारी रखना और सही जगह पैसा लगाना भी उतना ही अहम है।

प्रधानमंत्री की अपील का जिक्र करते हुए उन्होंने राय दी कि पारंपरिक तरीके से ज्यादा सोना खरीदने के बजाय म्यूचुअल फंड्स जैसे विकल्पों में निवेश करना ज्यादा फायदेमंद साबित हो सकता है।

पिता से सीखा बचत का हुनर

अपनी निजी जिंदगी का उदाहरण देते हुए हेली ने बताया कि पैसा संभालने की समझ उन्होंने किसी क्लास से नहीं, बल्कि अपने पिता को देखकर हासिल की है। उन्होंने कहा कि उनके पिता ने कभी बैठाकर किताबी ज्ञान नहीं दिया, लेकिन घर के माहौल और पिता के फाइनेंशियल फैसलों को देखते हुए ही उनकी अपनी समझ विकसित हुई।

आज वे खुद तय करती हैं कि उनकी कमाई का कितना हिस्सा फिक्स्ड डिपॉजिट (FD) में जाएगा और कितना म्यूचुअल फंड में निवेश होगा। उनका मानना है कि हर व्यक्ति को अपने खर्चों को लेकर समझदारी और सूझबूझ से काम लेना चाहिए, क्योंकि मौजूदा दौर में आपकी मजबूत फाइनेंशियल सिक्योरिटी ही आने वाले कल के संकटों से आपको बचा सकती है।

बदली जा सकती है लोगों की सोच

हेली ने टेलीविजन इंडस्ट्री से ओटीटी की दुनिया में कदम रखने के अपने सफर और उसकी चुनौतियों पर भी खुलकर बात की। उन्होंने माना कि छोटे पर्दे के कलाकारों के लिए सबसे बड़ी मुश्किल लोगों की बनी-बनाई धारणाओं से बाहर निकलना है। आज भी कई मेकर्स और दर्शक कलाकारों को सिर्फ 'टीवी एक्ट्रेस' के टैग से ही देखते हैं।

हेली के लिए भी यह बड़ी चुनौती थी कि वे अपने कंफर्ट जोन से बाहर निकलकर ऐसे प्लेटफॉर्म पर काम करें, जिसके बारे में उन्हें ज्यादा जानकारी नहीं थी। हालांकि उनका मानना है कि अगर सही मौका मिले और लगातार अच्छा काम किया जाए, तो लोगों की सोच को धीरे-धीरे बदला जा सकता है। ओटीटी उनके लिए ऐसा ही शानदार जरिया साबित हुआ है।

https://hindi.news18.com/news/entertainment/tv-helly-shah-financial-advice-amidst-global-crisis-saving-money-alone-not-enough-ws-l-10570558.html