'मम्मी-पापा के पीछे छुपना बंद करो', ₹370 बिरयानी विवाद में प्रणित की माफी पर भड़के कुणाल कामरा

कॉमेडियन प्रणित मोरे के लाइव शो में ₹370 की बिरयानी को लेकर हुई आपत्तिजनक बातचीत पर बवाल मचा है। माफी मांगने के बावजूद कुणाल कामरा ने प्रणित पर तीखा तंज कसा है।

स्टैंडअप कॉमेडियन प्रणित मोरे का एक क्राउड-वर्क वीडियो इन दिनों सोशल मीडिया पर खूब चर्चा बटोर रहा है, जिसे लोग '370 रुपये की बिरयानी' विवाद के नाम से पहचानने लगे हैं। वीडियो वायरल होते ही प्रणित को नेटिजन्स के गुस्से का सामना करना पड़ा और आखिरकार उन्हें सार्वजनिक रूप से माफी मांगनी पड़ी। अब इस मामले में मशहूर कॉमेडियन कुणाल कामरा भी शामिल हो गए हैं और उन्होंने प्रणित की माफी को निशाने पर लेते हुए जमकर खरी-खोटी सुनाई है।

कुणाल कामरा ने कसा तीखा तंज

कामरा ने अपने एक्स (ट्विटर) अकाउंट पर लिखा कि कॉमेडियन्स को अब क्राउड वर्क, स्टोरीटेलिंग, हार्ड वर्क, बैंक बैलेंस और अपने माता-पिता के पीछे छुपना बंद कर देना चाहिए। इतना ही नहीं, एक अन्य पोस्ट में उन्होंने प्रणित पर चुटकी लेते हुए कहा कि उनकी इस हरकत के बाद तो कॉमेडियन हर्ष गुर्जराल भी बराक ओबामा जैसे समझदार नजर आने लगे हैं।

क्या है पूरे विवाद की जड़

इस पूरे बखेड़े की शुरुआत प्रणित मोरे के एक लाइव शो की उस क्लिप से हुई, जिसमें वे हिमांशु जांगड़ा नाम के एक दर्शक से बातचीत कर रहे थे। शो के दौरान हिमांशु ने बताया कि वे एक लड़की को डेट पर ले गए थे और उन्होंने बिरयानी पर करीब 370 रुपये खर्च किए। बातचीत आगे बढ़ते-बढ़ते एक बेहद आपत्तिजनक मोड़ पर पहुंच गई, जब हिमांशु ने इशारों-इशारों में यह जता दिया कि खाने का बिल चुकाने के बदले वे लड़की से संबंध की उम्मीद रख रहे थे।

जैसे ही यह वीडियो इंटरनेट पर सामने आया, लोगों का आक्रोश चरम पर पहुंच गया। जनता ने इस सोच को बेहद घटिया करार देते हुए कहा कि डेटिंग को इस तरह लेन-देन का सौदा बना देना और किसी महिला को महज एक वस्तु की तरह देखना, जिसे ₹370 की बिरयानी खिलाकर 'हासिल' किया जा सके, बेहद शर्मनाक है।

थमने का नाम नहीं ले रहा बवाल

मामला बिगड़ता देख प्रणित मोरे ने एक वीडियो जारी कर अपनी सफाई पेश की और पूरे प्रकरण पर गहरा अफसोस जताया। देर से प्रतिक्रिया देने की वजह बताते हुए उन्होंने कहा कि उनका इंस्टाग्राम अकाउंट सस्पेंड हो गया था, जिसके चलते वे तुरंत जवाब नहीं दे सके।

प्रणित ने स्वीकार किया कि बातचीत के दौरान कई गलत और आपत्तिजनक बातें कही गईं, मगर उस वक्त हॉल में मौजूद दर्शक हंस रहे थे, इसलिए वे भी माहौल में बह गए और सही रुख नहीं अपना पाए। अपनी माफी में उन्होंने लिखा कि वे भी एक इंसान हैं और अपनी गलतियों से लगातार सीख रहे हैं। उन्होंने भरोसा दिलाया कि आगे से वे इस बात का पूरा ध्यान रखेंगे कि अनजाने में भी मंच से ऐसी किसी गलत सोच को बढ़ावा न मिले। हालांकि, माफी के बाद भी सोशल मीडिया पर यह बहस ठंडी पड़ने का नाम नहीं ले रही है।

https://hindi.news18.com/news/entertainment/viral-social-kunal-kamra-mocks-pranit-more-over-apology-for-370-rupees-biryani-controversy-ws-ln-10570662.html