अजमेर के माखुपुरा रेल बाड़िया स्थित सुंदर नगर औद्योगिक क्षेत्र में रविवार को अचानक भड़की भीषण आग ने पूरे इलाके में हड़कंप मचा दिया। प्राथमिक जानकारी के अनुसार आग शॉर्ट सर्किट के कारण लगी बताई जा रही है। कुछ ही पलों में आग ने विकराल रूप धारण कर लिया और प्लास्टिक गोदाम समेत तीन फैक्ट्रियों को अपनी चपेट में ले लिया।
कई किलोमीटर दूर तक दिखीं लपटें
आग की ऊंची-ऊंची लपटें और धुएं का गुबार कई किलोमीटर दूर तक दिखाई दिया। प्रत्यक्षदर्शियों का कहना है कि इन फैक्ट्रियों में प्लास्टिक के पाइप और अन्य ज्वलनशील सामग्री बड़ी मात्रा में रखी हुई थी, जिसके चलते आग ने थोड़ी ही देर में व्यापक रूप ले लिया।
आग की तीव्रता इतनी अधिक थी कि फैक्ट्रियों में लगे अग्निशमन यंत्र भी शुरुआती दौर में इस पर काबू पाने में पूरी तरह नाकाम रहे। लगातार बढ़ती लपटों ने दमकल कर्मियों के सामने बड़ी चुनौती खड़ी कर दी।
एक दर्जन से अधिक दमकल वाहन मौके पर
घटना की सूचना मिलते ही प्रशासन और अग्निशमन विभाग तुरंत हरकत में आ गया। मौके पर एक दर्जन से अधिक अग्निशमन वाहन पहुंचे और आग बुझाने के लिए लगातार चक्कर लगाते रहे। दमकल कर्मी कई घंटों से आग पर नियंत्रण पाने के प्रयास में जुटे हुए हैं।
आग की गंभीरता को देखते हुए अतिरिक्त संसाधन भी मौके पर मंगवाए गए हैं। बचाव कार्य को सुचारू रूप से संचालित करने के लिए जेसीबी मशीनों और क्रेन की भी सहायता ली जा रही है। आग की चपेट में आने से एक फैक्ट्री की इमारत का बड़ा हिस्सा धराशायी हो गया। मलबा हटाने और संभावित खतरे को कम करने के लिए भारी मशीनरी का उपयोग किया जा रहा है।
प्रशासन ने संभाला मोर्चा
घटना की जानकारी मिलते ही तहसीलदार ओमप्रकाश लखावत भी मौके पर पहुंचे और हालात का जायजा लिया। प्रशासनिक अधिकारी लगातार राहत कार्यों की निगरानी कर रहे हैं। फिलहाल आग पर पूरी तरह काबू पाने के प्रयास जारी हैं।
घटना के बाद बड़ी संख्या में क्षेत्रवासी भी मौके पर एकत्र हो गए। भीषण आग के कारण पूरे इलाके में अफरा-तफरी का माहौल बना हुआ है, वहीं प्रशासन लोगों से सुरक्षित दूरी बनाए रखने की अपील कर रहा है।
https://hindi.news18.com/news/rajasthan/ajmer-fire-incident-in-three-factories-of-ajmer-10570617.html